Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

दिल्ली में होगी भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बेहद अहम बैठक 16-17 जनवरी को नई दिल्ली में होगी। पहले कहा जा रहा था कि इस साल जिन राज्यों में चुनाव होने वाले हैं उनमें से किसी राज्य में भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक होगी। लेकिन पार्टी ने राजधानी दिल्ली में ही राष्ट्रीय कार्यकारिणी की दो दिन की बैठक करने का फैसला किया। इस बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल बढ़ाने ऐलान हो सकता है।

बताया जा रहा है कि कार्यकारिणी की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यकाल बढ़ाने के अलावा इस साल कई राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों की रणनीति पर भी विचार किया जाएगा। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर भी भाजपा नेता विचार विमर्श करेंगे। जानकार सूत्रों के मुताबिक, जी-20 की से जुड़ी बैठकों और सितंबर में होने वाला सालान बैठक के बारे में भी इसमें विचार किए जाने की संभावना है। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी के नेताओं को इस बारे में लोगों को बताने के लिए कहा गया था।

बहरहाल, भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में हाल में गुजरात और हिमाचल प्रदेश में हुए विधानसभा चुनावों में पार्टी के प्रदर्शन पर भी विचार होगा और केंद्र में भाजपा की सरकार के कामकाज पर चर्चा हो सकती है। बताया जा रहा है कि बैठक में विधानसभा चुनावों और 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव की वजह से संगठनात्मक चुनावों को स्थगित करने पर भी चर्चा हो सकती है। सूत्रों के अनुसार, अप्रैल-मई 2024 में लोकसभा चुनाव संपन्न होने के बाद पार्टी में आंतरिक चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो सकती है।

Exit mobile version