ताजा पोस्ट

मप्र उपचुनाव में सभी सीटें जीतेगी भाजपा : उमा भारती

ByNI Desk,
Share
मप्र उपचुनाव में सभी सीटें जीतेगी भाजपा : उमा भारती
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व केन्द्रीय मंत्री उमा भारती ने दावा किया है कि मध्य प्रदेश में इस समय कांग्रेस समाप्त हो गई है। ऐसी स्थिति में वहां होने वाले विधानसभा के उपचुनाव में भाजपा सभी सीटों पर भारी मतों से विजय हासिल करेगी। मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती अयोध्या ढांचा विध्वंस प्रकरण में अपना बयान दर्ज कराने लखनऊ पहुंची थीं। इस दौरान उन्होंने आईएएनएस के साथ विशेष बातचीत में कहा कि कांग्रेस और भाजपा मिलकर वहां अब एक पार्टी हो गई है। इसलिए कांग्रेस खत्म हो गई है। उपचुनाव में दोनों दल एक साथ होकर लड़ेंगे, इसलिए मप्र की सभी 24 सीटों पर भाजपा की जीत पर अब कोई शंका नहीं है। हाल में मध्यप्रदेश में हुए मंत्रिमंडल के विस्तार में सामाजिक संतुलन के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि इस संबंध में उनकी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा से बात हो गई है। एक-दो दिन में दोनों लोगों से मिलकर इस मामले का समाधान निकालने की कोशिश करेंगे। यह पूछने पर कि आपका राजनीतिक वनवास कब खत्म होगा, उन्होंने कहा कि मैंने वनवास बिल्कुल नहीं ले रखा है। मैं भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हूं। चुनाव नहीं लड़ा है। आप चुनाव लड़ने को राजनीति क्यों समझते हैं। भविष्य में चुनाव लड़ने की संभावना पर कहा, मैंने 2019 का चुनाव न लड़ने का ऐलान किया था और तब कहा था कि वर्ष 2024 का चुनाव लड़ूंगी। यह नहीं कहा था कि अब चुनाव नहीं लड़ूंगी।
Published

और पढ़ें