ताजा पोस्ट

सात विधानसभा सीटों के उपचुनाव घोषित

ByNI Desk,
Share
सात विधानसभा सीटों के उपचुनाव घोषित
नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने सोमवार को छह राज्यों की सात विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की घोषणा कर दी है। आयोग ने सोमवार को बताया कि तीन नवंबर को चुनाव होंगे और छह नवंबर को नतीजे आएंगे। अलग अलग कारणों से खाली हुई सात सीटें महाराष्ट्र, बिहार, हरियाणा, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश और ओडिशा में हैं। इन छह राज्यों की सात विधानसभा सीटों पर नामांकन की प्रक्रिया 14 अक्टूबर को पूरी होगी और 17 अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। जिन क्षेत्रों में उपचुनाव कराए जाने हैं, उनमें उत्तर प्रदेश की गोला गोरखनाथ, हरियाणा की आदमपुर, बिहार की मोकामा और गोपालगंज, महाराष्ट्र की अंधेरी ईस्ट, तेलंगाना की मुनुगोडे और ओडिशा की धामनगर सीटें शामिल हैं। उत्तर प्रदेश की गोला गोरखनाथ सीट से भाजपा विधायक अरविंद गिरि, महाराष्ट्र की अंधेरी ईस्ट सीट से शिव सेना विधायक रमेश लटके और बिहार की गोपालगंज सीट से सुभाष सिंह का निधन होने के बाद से ये सीटें खाली हुई हैं। हरियाणा की आदमपुर सीट से कांग्रेस के कुलदीप बिश्नोई ने इस्तीफा दे दिया था। वे कांग्रेस छोड़ कर भाजपा में चले गए थे, जिसके बाद सीट खाली हो गई थी। बिहार की मोकामा सीट से राजद के अनंत सिंह विधायक थे लेकिन एके-47 राइफल रखने के आरोप में उनकी सदस्यता रद्द कर दी गई थी। तेलंगाना के मुनुगोडे सीट भी कांग्रेस विधायक के इस्तीफे से खाली हुई है। वे कांग्रेस छोड़ कर भाजपा में चले गए हैं।
Tags :
Published

और पढ़ें