लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के असंतुष्ट नेता और पूर्व केन्द्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा ने आज कहा कि नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर (एनआरसी) के बारे में लिये गये गलत फैसलाें से उपजे जनाक्रोश से दुनिया भर में देश की छवि को नुकसान पहुंचा है।
सिन्हा ने यहां समाजवादी पार्टी (सपा) के मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सीएए को लेकर देश भर में हो रहे आंदोलन से दुनिया भर में भारत की छवि को नुकसान पहुंचा है जिसके लिये सीधे तौर पर केन्द्र और उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकारें जिम्मेदार हैं।
उन्होने कहा कि सीएए और एनआरसी की घोषणा देश में भय का माहौल है। लोग विशेषकर अल्पसंख्यक डरे हुये है और आंदोलन कर रहे हैं। सरकार की जिम्मेदारी है कि वह जनता को इस भय के माहौल से बाहर निकाले। उनसे बात करे और आशंकाओं का निवारण करे जिससे देश में शांति स्थापित हो सके।
सिन्हा ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार दमनकारी है। उसके इशारे पर उत्तर प्रदेश समेत भाजपा शासित राज्यों में सीएए और एनआरसी को लेकर सबसे भयावह हालात हैं। आंदोलन पर उतारू जनता की आवाज को दबाया जा रहा है। देश के आर्थिक हालात की चिंता करने के बजाय सरकार सीएए और एनआरसी के जरिये जनता का ध्यान भटकाने का काम कर रही है।