ताजा पोस्ट

गुजरात में प्रचार समाप्त

ByNI Desk,
Share
गुजरात में प्रचार समाप्त
अहमदाबाद। गुजरात में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार समाप्त हो गया। दूसरे और आखिरी चरण की 93 सीटों के लिए शनिवार की शाम पांच बजे प्रचार समाप्त हुआ। सोमवार को दूसरे चरण में 14 जिलों की 93 विधानसभा सीटों पर वोट डाले जाएंगे। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन सभी पार्टियों ने प्रचार में अपनी पूरी ताकत लगाई। भाजपा की ओर से आखिरी दिन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कई सभाएं कीं और कांग्रेस हमला बोला तो आम आदमी पार्टी की ओर से पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने रैलियां कीं। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तुलना रावण से करने वाले अपने बयान पर सफाई दी। बहरहाल, दूसरे चरण में कई महत्वपूर्ण चुनाव क्षेत्रों में वोट डाले जाएंगे, जिनमें मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की घाटलोडिया सीट है और वीरमगाम सीट भी है, जहां से पाटीदार नेता हार्दिक पटेल भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। इसी चरण में गांधीनगर दक्षिण सीट शामिल है, जहां से अल्पेश ठाकोर भाजपा उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रचार समाप्त होने से एक दिन पहले लगातार दो दिन तक रैलियां की थीं और रोड शो भी किए थे। गुरुवार को उन्होंने 50 किलोमीटर से ज्यादा लंबा रोड शो किया था। उस दौरान उनका काफिला मुख्यमंत्री के क्षेत्र घाटलोडिया से भी गुजरा था। राज्य की 182 विधानसभा सीटों में बची हुई 93 सीट के लिए सोमवार को वोट जाएंगे। भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी सहित करीब 60 पार्टियों और निर्दलीय उम्मीदवारों की कुल संख्या मिला कर इस चरण में 833 प्रत्याशी मैदान में हैं। पहले चरण में 89 सीटों पर एक दिसंबर को मतदान हुआ था। पहले चरण में 63 फीसदी मतदान हुआ, जो पिछली बार के मुकाबले चार फीसदी कम है। इसकी वजह से राज्य का चुनावी गणित उलझ गया है। सभी पार्टियां चुनाव जीतने का दावा कर रही हैं। वोटों की गिनत आठ दिसंबर को होगी। बहरहाल, दूसरे चरण का प्रचार बंद होने से पहले मल्लिकार्जुन खरगे ने अपने रावण वाले बयान पर सफाई दी है। उन्होंने भाजपा पर गुजरात चुनाव में फायदा उठाने के लिए उनके बयान पर बेजा इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि राजनीति किसी व्यक्ति विशेष पर नहीं बल्कि मुद्दों पर होनी चाहिए। भाजपा के लिए चुनावी रैली करने उतरे योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर तीखा हमला किया और कहा कि अब समय आ गया है कि गांधीजी का सपना पूरा किया जाए यानी कांग्रेस पार्टी को समाप्त किया जाए। उन्होंने अहमदाबाद के धोलका में चुनावी सभा में आम आदमी पार्टी पर भी हमला किया और कहा कि यह पार्टी देश की सुरक्षा और विकास में बाधा है। उन्होंने तीन और रैलियों को संबोधित किया। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने भी चुनावी रैलियां कीं। भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री पद के दावेदार इसुदान गढ़वी ने रोड शो किए।
Published

और पढ़ें