ताजा पोस्ट

यूपी, पंजाब में थमा प्रचार

ByNI Desk,
Share
यूपी, पंजाब में थमा प्रचार
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश और पंजाब में 20 फरवरी को होने वाले मतदान के लिए शुक्रवार की शाम को छह बजे प्रचार समाप्त हो गया। उत्तर प्रदेश में 20 फरवरी को तीसरे चरण का मतदान होगा, जबकि पंजाब की सभी 117 सीटों पर एक साथ ही 20 फरवरी को वोट डाले जाएंगे। उत्तर प्रदेश में तीसरे चरण में 16 जिलों की 59 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा। इससे पहले दो चरण में 113 सीटों पर मतदान हो चुका है। तीसरे चरण में पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के चुनाव क्षेत्र करहल में भी मतदान होगा। तीसरे चरण में उत्तर प्रदेश की 59 सीटों पर 20 फरवरी को सुबह सात बजे से शाम छह बजे मतदान होगा, जिसमें 2.16 करोड़ मतदाता 627 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। तीसरे चरण में कन्नौज, इटावा, औरैया, हाथरस, फिरोजाबाद, एटा, कासगंज, मैनपुरी, फर्रुखाबाद, कानपुर देहात, कानपुर नगर, ललितपुर, जालौन, झांसी, हमीरपुर और महोबा जिले में मतदान होगा। इस चरण में अखिलेश यादव के अलावा उनके चाचा शिवपाल सिंह यादव, योगी सरकार के मंत्री सतीश महाना, नीलिमा कटियार, राम नरेश अग्निहोत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद की पत्नी लुईस खुर्शीद जैसे दिग्गज शामिल हैं। Read also आश्चर्य! भाजपा के खिलाफ ऐसा भौकाल! तीसरे चरण के विधानसभा चुनाव वाली 59 सीटों में से 2017 में सपा को सिर्फ आठ सीटें मिली थीं, जबकि भाजपा ने 49 सीटें जीती थीं। बसपा को सिर्फ एक सीट मिल पाई थी। तीसरे चरण के मतदान वाले जिले समाजवादी पार्टी के असर वाले माने जाते हैं। तभी 2012 के विधानसभा चुनाव में इन 59 सीटों में से सपा को 37 सीटें मिली थीं। इस बार सपा और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला है। प्रचार समाप्त होने से एक दिन पहले सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह खराब सेहत के बावजूद प्रचार में उतरे। उधर पंजाब की सभी 117 सीटों के लिए भी चुनाव प्रचार थम गया है। पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डा. एस करुणा राजू ने 20 फरवरी को होने वाले मतदान के लिए कई दिशा निर्देश जारी किए हैं। राज्य की 117 सीटों के लिए 93 महिलाओं सहित कुल 1,304 उम्मीदवार मैदान में हैं। मतदान सुबह आठ बजे शुरू होकर शाम छह बजे तक चलेगा। पंजाब में पहले मतदान की तारीख 14 फरवरी थी। लेकिन गुरु रविदास जयंती की वजह से चुनाव आयोग ने इस आगे बढ़ा कर 20 फरवरी कर दिया था।
Tags :
Published

और पढ़ें