लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि राज्य में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान को प्रभाव ढंग से क्रियान्वित किया जाय।
अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने बताया कि योगी ने कहा है कि प्रदेश में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान संचालित किया जा रहा है। सभी सम्बन्धित विभाग समन्वय बनाकर अभियान की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करें।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जिलों में जाकर संचारी रोग अभियान की समीक्षा करेंगें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने खाद्यान्न वितरण के तहत सामान्य वितरण तथा प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के कार्य पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि वितरण कार्य को पारदर्शी ढंग से सम्पन्न करते हुए सभी जरूरतमंदों को खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा है कि जी0एस0टी0 कलेक्शन में वृद्धि के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं।
अवस्थी ने बताया कि गृह विभाग की धारा 188 के तहत 83,845 एफआईआर दर्ज करते हुये 2,15,598 लोगों को नामजद किया गया है। आगरा जोन में 7,201, प्रयागराज में 3,608, बरेली में 9,680, गोरखपुर में 5,690, कानपुर में 13,171, लखनऊ में 16,279, मेरठ में 11,059, वाराणसी में 13,758, लखनऊ कमिश्नरी में 997 और गौतमबुद्धनगर कमिश्नरी में 2,402 केस दर्ज किये गये हैं। प्रदेश में अब तक 83,74,955 वाहनाें की सघन चेकिंग में 60,745 वाहन सीज किये गये।
चेकिंग अभियान के दौरान 39,21,95,427 रूपए का शमन शुल्क वसूल किया गया। कालाबाजारी एवं जमाखोरी करने वाले 972 लोगों के खिलाफ 731 एफआईआर दर्ज करते हुए 351 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि फेक न्यूज के तहत अब तक 1677 मामलों को संज्ञान में लेते हुए कार्यवाही की गई है। 04 जुलाई को कुल 22 मामले, जिनमें ट्विटर के 14, फेसबुक के 08 मामले को संज्ञान में लिया गया है तथा साइबर सेल को आवश्यक कार्रवाई के लिये कहा है।