ताजा पोस्ट

कांग्रेस अध्यक्ष का 17 अक्टूबर को चुनाव

ByNI Desk,
Share
कांग्रेस अध्यक्ष का 17 अक्टूबर को चुनाव
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव करीब एक महीने के लिए आगे बढ़ा दिया गया है। रविवार को कांग्रेस कार्य समिति की एक अहम बैठक हुई, जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव के कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया गया। बैठक के बाद अध्यक्ष के चुनाव का कार्यक्रम जारी किया गया। इसके मुताबिक 17 अक्टूबर को कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव होगा और 19 को वोटों की गणना होगी। नामांकन दाखिल करने की तिथि 24 सितंबर से 30 सितंबर तक है। नामांकन की जांच एक अक्टूबर को होगी। पार्टी के संचार विभाग के प्रमुख जयराम रमेश ने बताया कि पार्टी का कोई भी नेता अध्यक्ष पद के लिए नामांकन कर सकता है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की अध्यक्षता में इस ऑनलाइन बैठक में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा, जयराम रमेश, मुकुल वासनिक, पार्टी के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के प्रमुख मधुसूदन मिस्त्री और कई अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए। गौरतलब है कि सोनिया गांधी अपने मेडिकल चेकअप के लिए विदेश गई हैं। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा भी उनके साथ गए हैं। बहरहाल, कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में चार सितंबर को नई दिल्ली में महंगाई पर होने वाली हल्ला बोल रैली और सात सितंबर को कन्याकुमारी से भारत जोड़ो यात्रा शुरू करने सहित कई प्रमुख मुद्दों पर चर्चा हुई। गौरतलब है कि इस बैठक से दो दिन पहले शुक्रवार को पार्टी के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि कांग्रेस नेतृत्व आंतरिक चुनाव के नाम पर धोखा दे रहा है। आजाद ने राहुल गांधी पर अपरिपक्व और बचकाने राजनीतिक व्यवहार का आरोप भी लगाया था। गौरतलब है कि पार्टी ने कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव के लिए पहले जिस कार्यक्रम को मंजूरी दी थी, उसके मुताबिक कांग्रेस अध्यक्ष के चुनावकी प्रक्रिया 21 अगस्त से 20 सितंबर के बीच पूरी की जानी थी। लेकिन कुछ कारणों से इसे आगे बढ़ा दिया गया है। इससे पहले 2017 में कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव हुआ था और राहुल गांधी अध्यक्ष बने थे। राहुल गांधी ने 2019 के लोकसभा चुनाव में पार्टी की हार के बाद कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद से अंतरिम अध्यक्ष के तौर पर सोनिया गांधी पार्टी की कमान संभाल रही हैं।
Tags :
Published

और पढ़ें