ताजा पोस्ट

महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन

ByNI Desk,
Share
महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन
नई दिल्ली। पेट्रोल और डीजल सहित रोजमर्रा की जरूरत की सभी चीजों की बढ़ती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस पार्टी ने गुरुवार को देश भर में प्रदर्शन किया। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी प्रदर्शन में हिस्सा लेने के लिए सड़क पर उतरे और विजय चौक पर धरना दिया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने देश के अन्य हिस्सों में भी बढ़ती महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन किया। कांग्रेस सात अप्रैल तक तीन चरण में महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन करेगी। गुरुवार को राहुल गांधी सहित कांग्रेस के तमाम वरिष्ठ नेताओं ने विजय चौक पर धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने गैस सिलेंडर और बाइक सामने रखे और उन पर माला चढ़ा कर ईंधन की बढ़ती कीमतों का विरोध किया। राहुल गांधी ने कहा कि पिछले 10 दिनों में पेट्रोल और डीजल के दाम नौ बार बढ़ चुके हैं, जिसकी मार मध्य वर्ग और गरीब लोगों पर पड़ रही है।  उन्होंने इसे रोकना और कीमत कम करने की मांग की। कांग्रेस ने महंगाई के खिलाफ अपने प्रदर्शन को 'महंगाई मुक्त भारत' अभियान नाम दिया है। अभियान तीन चरणों में 31 मार्च से सात अप्रैल तक चलेगा। प्रदर्शन के पहले दिन राज्यसभा में कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा- हर दिन पेट्रोल-डीजल और अन्य चीजों के दाम बढ़ रहे हैं और इसका परिणाम आवश्यक वस्तुओं पर हो रहा है इसलिए आज हम राहुल गांधी के नेतृत्व में प्रदर्शन कर रहें। कांग्रेस की मांग है कि यूपीए सरकार के दौरान जो कीमतें थी वो किया जाना चाहिए। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि जब पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ते हैं तब हर चीज के दाम बढ़ते हैं। जब दुनिया में कच्चे तेल के दाम सबसे कम थे तब भी यह सरकार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ा रही थी। उन्होंने कहा कि 101 रुपए का तेल भराने में 52 रुपए सरकार के पास टैक्स के रूप में जा रहे हैं।
Published

और पढ़ें