ताजा पोस्ट

भारत में चिंता, राज्यों को अलर्ट किया

ByNI Desk,
Share
भारत में चिंता, राज्यों को अलर्ट किया
नई दिल्ली। पड़ोसी देश चीन और उसके अलावा दक्षिण कोरिया, जापान और अमेरिका में तेजी से बढ़ रहे कोरोना वायरस के केसेज को देखते हुए भारत की चिंता बढ़ गई है। केंद्र सरकार ने चिट्ठी लिख कर सभी राज्यों को अलर्ट किया है। हालांकि भारत में केसेज बहुत कम हो गए हैं और संसद में सरकार की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक भारत में एक्टिव केसेज की संख्या 35 सौ से कम है, जो मार्च 2020 के बाद सबसे कम है। इसके बावजूद दुनिया के कई देशों में बढ़ रहे केसेज की वजह से सरकार अलर्ट मोड में आ गई है। पांच देशों में बढ़ते केसेज को देखते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को चिट्ठी लिखी है। उन्होंने राज्यों से कहा है कि जितना भी संभव हो सभी संक्रमित केस के सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए इंडियन सार्क-कोव-2 जीनोमिक कंसोर्टियम की लैब में भेजें जाएं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ज्यादा से ज्यादा सैंपल की जीनोम सिक्वेंसिंग चाहता है ताकि कोरोना के नए वैरिएंट का पता लगाया जा सके। गौरतलब है कि चीन में रिकॉर्ड संख्या में कोरोना के केसेज बढ़ रहे हैं। वहां स्थिति बहुत खराब है। हालांकि भारत में एक्टिव केस की संख्या में तेजी से कमी आई है। केंद्रीय स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्रालय मुताबिक, 20 दिसंबर को सुबह आठ बजे तक की स्थिति में देश में कुल 3,490 एक्टिव केस थे, जो मार्च 2020 के बाद सबसे कम है। स्वास्थ्य मंत्री ने 19 दिसंबर को संसद में बताया था कि भारत में वैक्सीनेशन का आंकड़ा 220 करोड़ को पार कर चुका है। यह संख्या कोरोना की सभी उपलब्ध वैक्सीन की पहली, दूसरी और प्रिकॉशन डोज को मिलाकर है। गौरतलब है कि भारत में 18 जनवरी 2021 को दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान शुरू किया गया था।
Tags :
Published

और पढ़ें