ताजा पोस्ट

दुनिया में बढ़ा कोरोना का संकट

ByNI Desk,
Share
दुनिया में बढ़ा कोरोना का संकट
नई दिल्ली। कोरोना वायरस से सबसे पहले प्रभावित होने वाले देश चीन में एक बार फिर कोरोना का संकट बढ़ा है। चीन के अलावा पूरे यूरोप में कोरोना के नए केसेज में तेजी आई है, जिसे लेकर संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव एंटोनियो गुतरेस ने पूरी दुनिया के लिए चेतावनी जारी की है। उन्होंने कहा है कि हर दिन दुनिया में 15 लाख नए केसेज मिल रहे हैं। चीन के शंघाई में नए केसेज इतने बढ़ गए हैं कि अमेरिका ने अपने नागरिकों को शंघाई छोड़ने के लिए कहा है। शनिवार को शंघाई में कोरोना के रिकॉर्ड 23,600 नए मामले सामने आए। इसे रोकने के लिए चीन ने शंघाई में सख्त लॉकडाउन लगाया है। शंघाई में जारी सख्त लॉकडाउन के बीच कोरोना की बढ़ती रफ्तार को देखते हुए अमेरिका ने अपने दूतावास के उन कर्मचारियों और उनके परिवारों को शहर में अपना वाणिज्य दूतावास छोड़ने का आदेश दिया है, जो बहुत आवश्यक सेवाओं से नहीं जुड़े हैं। अमेरिकी प्रशासन ने अपने नागरिकों को चीन की यात्रा पर फिर से विचार करने की सलाह भी दी है। दूसरी ओर संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुतरेस ने दुनिया भर में बढ़ते कोरोना मामलों को लेकर आगाह किया है। उन्होंने कहा है- महामारी अभी खत्म नहीं हुई है क्योंकि दुनिया भर में हर दिन 15 लाख से भी ज्यादा नए मामले सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा- नए वैरिएंट की वजह से पूरे यूरोप में एक नई लहर फैल रही है। एशिया भी इससे अछूता नहीं है। गुतरेस ने कोरोना महामारी से बचाव को लेकर हुए ग्लोबल अलायंस फॉर वैक्सीन्स एंड इम्युनाइजेशन यानी गावी के एक सम्मेलन में हिस्सा लिया और नई लहर से दुनिया को आगाह किया। उन्होंने यह भी कहा कि वायरस का नया वैरिएंट आना तय है। गुतरेस ने दुनिया भर की सरकारों और दवा कंपनियों से हर जगह वैक्सीन पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि कई देशों में महामारी की शुरुआत के बाद से सबसे ज्यादा मौतें देखी जा रही हैं। गौरतलब है कि पूरी दुनिया में कोरोना के अब तक 49 करोड़ से अधिक मामले सामने आए हैं और  61 लाख से अधिक मौतें हुई हैं। अभी सबसे अधिक नए केस दक्षिण कोरिया में मिल रहे हैं, जहां एक हफ्ते में 20.58 लाख केस मिले। इसके बाद जर्मनी, फ्रांस, वियतनाम और इटली में सबसे ज्यादा केस मिले हैं। इस नई लहर में दुनिया भर में सबसे अधिक साप्ताहिक मौतें अमेरिका में हुई हैं। वहां एक हफ्ते में 4,435 लोग मरे। उसके बाद रूस, दक्षिण कोरिया, जर्मनी और ब्राजील में सबसे ज्यादा मौतें हुई हैं।
Published

और पढ़ें