समाचार मुख्य

Corona Update: मरने वालों की संख्या चार लाख के पार, छह राज्यों में बढ़ा संक्रमण

ByNI Desk,
Share
Corona Update: मरने वालों की संख्या चार लाख के पार, छह राज्यों में बढ़ा संक्रमण
नई दिल्ली। कोरोना वायरस के संक्रमण की वजह से देश में मरने वालों की संख्या चार लाख का आंकड़ा पार कर गई है। शुक्रवार को खबर लिखे जाने देश में मरने वालों की कुल संख्या चार लाख 756 हो गई थी। इनमें से ढाई लाख से ज्यादा लोग इस साल अप्रैल में आए संक्रमण की दूसरी लहर में मरे हैं। भारत में सबसे ज्यादा एक लाख 17 हजार के करीब लोग महाराष्ट्र में मरे हैं। हालांकि संक्रमण से मरने वालों की संख्या में तेजी से कमी आई है फिर भी अप्रैल-मई के महीने में जब कोरोना के केसेज पीक पर थे, तब एक दिन में चार हजार तक लोगों की मौत हो रही थी। सात मई के पीक के बाद संक्रमितों की संख्या और मरने वालों की संख्या दोनों घट रही है। Covid 19 Deaths इस बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बताया गया है कि पिछले के मुकाबले इस हफ्ते संक्रमण के मामलों में 13 फीसदी की कमी आई है। हालांकि कुछ हिस्सों में संक्रमण अब भी काबू में नहीं आया है। देश के 71 जिलों में संक्रमण की दर 10 फीसदी से ज्यादा है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को बताया गया कि महामारी के पीक के वक्त देश में जितने एक्टिव थे, उनमें 86 फीसदी की कमी हुई है। भारत में पहली लहर का पीक 16 सितंबर 2020 को आया। उस दिन देश में कुल 97,860 केस आए, जबकि छह मई को दूसरी लहर का पीक आया। उस दिन देश भर में 4,14,280 नए केस आए और 3,923 की जान गई। बहरहाल, शुक्रवार को खबर लिखे जाने तक देश में 30 हजार के करीब केसेज आए थे और 424 लोगों की मौत हुई थी। शुक्रवार को लगातार छठे दिन संक्रमण से मरने वालों की संख्या एक हजार से नीचे रही। देर रात तक तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, हरियाणा, झारखंड और असम सहित कुछ राज्यों के आंकड़े अपडेट नहीं हुए थे। इनके आंकड़े आने के बाद संक्रमितों की संख्या में थोड़ा इजाफा होगा। शुक्रवार को देश के सर्वाधिक संक्रमित राज्य महाराष्ट्र में 8,753 नए केसेज आए और 156 लोगों की मौत हुई। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 24 घंटे में 93 संक्रमित मिले और दो लोगों की मौत हुई। Coronavirus in Rajasthan ओड़िशा में शुक्रवार को 3,222 नए संक्रमित मिले और 46 लोगों की मौत हुई। हरियाणा में 148 नए केसेज आए और 15 लोगों की मौत हुई। पुड्डुचेरी जैसे छोटे से केंद्र शासित प्रदेश में शुक्रवार को 175 नए मरीज मिले और आठ लोगों की मौत हुई। मेघालय में 485 नए संक्रमित मिले और पांच लोगों की मौत हुई। केरल में 12,095 नए मरीज मिले और 146 लोगों की मौत हुई। आंध्र प्रदेश में 3,464 नए संक्रमित मिले और 35 लोगों की मौत हुई। छह राज्यों में बढ़ा संक्रमण पूरे देशों कोरोना वायरस के कम हो रहे केसेज के बीच छह राज्यों में संक्रमण एक बार फिर बढ़ने लगा है। केंद्र सरकार ने इन राज्यों में उच्च स्तरीय टीम भेजी है ताकि जमीनी हालात का जायजा लिया जा सके। केंद्र ने केरल, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, ओड़िशा, छत्तीसगढ़ और मणिपुर में अपनी टीम भेजी है। केंद्र की टीमें इन राज्यों में कोरोना को नियंत्रित करने और उसे फैलने से रोकने में मदद करेंगी। इन टीमों में डॉक्टरों के अलावा लोक स्वास्थ्य के विशेषज्ञों को भी शामिल किया गया है। सरकार का कहना है कि केंद्र सरकार की भेजी टीमें शुरुआती तौर पर ये देखेंगी कि इन राज्यों को क्या दिक्कतें आ रही हैं। फिर राज्यों के साथ मिल कर कोरोना संक्रमण रोकने की कोशिशों को मजबूत किया जाएगा। केंद्र की टीमें कोविड-19 के प्रबंधन के उपाय भी करेंगी। इस दौरान टेस्टिंग पर विशेष जोर दिया जाएगा। अस्पतालों में बेड, एंबुलेंस, वेंटीलेटर और मेडिकल ऑक्सीजन जैसी सुविधाओं के साथ ही वैक्सीनेशन की प्रोग्रेस भी केंद्र सरकार की टीम देखेगी। केंद्र की टीमें स्थिति पर नजर रखेंगी और राज्यों को सुझाव देंगी।
Published

और पढ़ें