नई दिल्ली। देश के पांच राज्यों में छह विधानसभा और एक लोकसभा सीट पर मिले जुले नतीजे आए हैं। उत्तर प्रदेश में दो विधानसभा सीटों में से एक भाजपा ने जीती है और एक समाजवादी पार्टी की सहयोगी रालोद ने जीती है। मुलायम सिंह यादव के निधन से खाली हुई रामपुर सीट सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव ने जीत ली है। बिहार में उपचुनाव में सत्तारूढ़ महागठबंधन को बड़ा झटका लगा है। राजद समर्थित जदयू उम्मीदवार को भाजपा ने हरा दिया है।
छह विधानसभा सीटों में दो कांग्रेस को और दो भाजपा को मिली हैं। उत्तर प्रदेश की मैनपुरी लोकसभा सीट पर डिंपल यादव ने रिकॉर्ड जीत दर्ज की है। उन्होंने भाजपा के रघुराज शाक्य को दो लाख 88 हजार से ज्यादा वोटों से हराया है। सबसे ज्यादा उलटफेर आजम खान का गढ़ माने जाने वाले रामपुर में हुआ है। वहां 71 साल बाद कमल खिला है। भाजपा प्रत्याशी आकाश सक्सेना ने आजम के करीबी आसिम रजा को 25,703 वोटों से हरा दिया है। उधर, खतौली विधानसभा सीट पर सपा-रालोद गठबंधन के मदन भैया की जीत हुई है।
बिहार की कुढ़नी विधानसभा सीट पर भी भाजपा का कब्जा रहा। यहां भाजपा के केदार गुप्ता ने जदयू के मनोज कुशवाहा को 3,632 वोटों से हराया। छत्तीसगढ़ की भानुप्रतापपुर और राजस्थान की सरदारशहर सीट पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। ओडिशा की पद्मपुर सीट पर सत्तारूढ़ बीजू जनता दल के उम्मीदवार ने भाजपा को हरा कर जीत दर्ज की। इस तरह राजस्थान, छत्तीसगढ़ और ओड़िशा तीनों जगह सत्तारूढ़ दल की जीत हुई।