उन्नाव। समाजवादी पार्टी(सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरापे लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) सरकार ने बलात्कार पीड़ितों के परिजनों के प्रति संवेदनाशून्य रवैया अपनाया है।
यादव ने आज यहां हसनगंज क्षेत्र के मोहान के शेखूपुर गांव में बलात्कार पीड़िता के परिवारीजनों से भेंट कर उन्हें पांच लाख रूपए का चेक दिया। उन्होंने कहा कि पीड़िता के परिजनों को सुरक्षा के साथ न्याय मिलना चाहिये। भाजपा सरकार ने उसके परिजनों के प्रति संवेदनाशून्य रवैया अपनाया है।
गौरतलब है कि बलात्कार पीड़िता ने गत 16 दिसम्बर को पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में आरोपियों पर कार्रवाई न होने से क्षुब्ध होकर आत्मदाह कर लिया था। शनिवार को उसका निधन हो गया था। सपा अध्यक्ष ने उन्नाव में ही हिन्दनगर भाटनखेड़ा बिहार में एक और बलात्कार पीड़िता के परिवार को भी सपा की ओर से पांच लाख रूपए का चेक दिया। पीड़िता के आत्मदाह की प्रथम सूचना पुलिस को देने वाले रवीन्द्र जायसवाल को भी 50 हजार रूपए की मदद की व्यवस्था की।