नई दिल्ली। प्रधानमंत्री कार्यालय में तैनात रहे आईएएस अधिकारी एके शर्मा नौकरी छोड़ कर उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री बनने गए थे लेकिन उनको संगठन में जगह मिली है। कई महीने के इंतजार के बाद एके शर्मा को प्रदेश का उपाध्यक्ष बनाया गया है। आईएएस की नौकरी से वीआरएस लेकर उत्तर प्रदे गए एके शर्मा को विधान परिषद का सदस्य बनाया गया था और कहा जा रहा था कि वे उत्तर प्रदेश में उप मुख्यमंत्री बनेंगे या कम से कम मंत्री जरूर बनेंगे। इस बात को लेकर ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच तनाव की खबरें आई थीं।
बहरहाल, उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा संगठन में कुछ नई नियुक्तियां की गई हैं। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने शनिवार को पदाधिकारियों की घोषणा करते हुए एक प्रदेश उपाध्यक्ष, दो प्रदेश मंत्री और सात मोर्चा अध्यक्ष नियुक्त किए। प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी के 18 साल से भरोसेमंद रहे पूर्व आईएएस अधिकारी और एमएलसी एके शर्मा को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है।
शनिवार को भाजपा के सात विभिन्न मोर्चों के प्रदेश अध्यक्षों की घोषणा भी की गई है। प्रियांशु दत्त द्विवेदी को युवा मोर्चा, राज्यसभा सांसद गीता शाक्य को महिला मोर्चा, कामेश्वर सिंह को किसान मोर्चा, पूर्व सांसद नरेंद्र कश्यप को पिछड़ा वर्ग मोर्चा, सांसद कौशल किशोर को अनुसूचित जाति मोर्चा, संजय गोंड को अनुसूचित जनजाति मोर्चा व कुंवर बासित अली को अल्पसंख्यक मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है।