जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलाेत ने सेना दिवस पर सेना के जवानों के अदम्य साहस और धैर्य को सलाम किया है। इस अवसर पर गहलोत ने सोशल मीडिया के जरिए कहा कि हमारे सभी सैनिकों और सेना के जवानों के अदम्य साहस और धैर्य को सलाम। उन्होंने कहा कि हम उनकी निस्वार्थ सेवा और राष्ट्र के लिए बलिदान के लिए ऋणी हैं।
इस मौके उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा करते हुए मातृभूमि की रक्षा एवं सेवा में सदैव समर्पित रहने वाले भारतीय सेना के समस्त जांबाज जवानों एवं देशवासियों को सेना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। इस अवसर पर उन्होंने सभी जवानों की सच्ची निष्ठा, समर्पण, त्याग एवं राष्ट्रप्रेम की भावना को सलाम किया।
इसी तरह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि वह सेना के सभी जांबाज़ एवं वीर जवानों को सलाम करती है, जिनकी कर्तव्यपरायणता एवं राष्ट्र समर्पित सेवाभाव से हम खुद को सुरक्षित तथा गौरवान्वित महसूस करते हैं।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डा सतीश पूनियां ने कहा कि मातृभूमि की रक्षा के लिये अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले भारतीय सेना के वीर जवानों के साहस, दृढ़ निश्चय और कर्तव्यपरायणता को सलाम। विश्व की सर्वोत्तम सेनाओं में शुमार भारतीय थल सेना के स्थापना दिवस पर देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं।