ताजा पोस्ट

एक-तिहाई भाजपा विधायकों के टिकट कटे!

ByNI Desk,
Share
एक-तिहाई भाजपा विधायकों के टिकट कटे!
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए 160 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। भाजपा के 22 उम्मीदवारों की घोषणा रूकी है, जिनमें से छह सीटें पहले चरण की हैं। पहले चरण में एक दिसंबर को 89 सीटों पर मतदान होना है, जिसमें से 83 सीटों के उम्मीदवार घोषित हो गए हैं। पांच दिसंबर को दूसरे चरण में 93 सीटों पर मतदान होना है, जिसमें से 77 सीटों के उम्मीदवार घोषित हो गए हैं और 16 पर घोषणा रूकी है। पार्टी ने अपने 111 विधायकों में से एक-तिहाई से ज्यादा विधायकों की टिकट काट दी है। भूपेंद्र पटेल सरकार के पांच मंत्रियों को भी टिकट नहीं मिली है। पार्टी ने एंटी इन्कंबैंसी कम करने के लिए पार्टी के दिग्गज नेताओं को भी चुनाव मैदान से बाहर रखा है। भाजपा ने गुजरात में 38 विधायकों की टिकट काटी है। उनकी जगह नए चेहरों को मौका दिया गया है। गौरतलब है कि बुधवार को भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई थी, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित चुनाव समिति के सभी सदस्यों ने हिस्सा लिया। इसमें 160 सीटों के उम्मीदवारों पर सहमति बनी, जिनके नाम गुरुवार की सुबह घोषित किए गए। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल घाटलोडिया सीट से चुनाव लड़ेंगे वहां उनके खिलाफ कांग्रेस में राज्यसभा सांसद एमी याज्ञनिक को टिकट दिया है। गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की जगह डॉ. दर्शिता शाह राजकोट पश्चिम से चुनाव लड़ेंगी। भाजपा ने राजेंद्र त्रिवेदी और प्रदीप परमार जैसे दिग्गज नेताओं सहित भूपेंद्र पटेल सरकार के पांच मंत्रियों को टिकट नहीं दी है। मोरबी में पुल हादसे का असर यह हुआ है कि वहां विधायक बृजेश का टिकट कट गया है। उनकी जगह पूर्व विधायक कांतिलाल अमृतिया को टिकट दिया है। मोरबी पुल हादसे के वक्त कांतिलाल लोगों की जान बचाने के लिए मच्छू नदी में कूदे थे। भारतीय क्रिकेटर रविंद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा को भाजपा ने जामनगर उत्तर से टिकट दिया गया है। पाटीदार आंदोलन के नेता और पिछले दिनों कांग्रेस छोड़ कर भाजपा में शामिल हुए हार्दिक पटेल को भाजपा ने वीरमगाम सीट से टिकट दिया है। उनके अलावा कांग्रेस छोड़ने वाले प्रद्युमन सिंह जडेजा को अबडासा, कुवरजी बावड़िया को जसदन, जवाहर चावडा को मानावदर, हर्षद रिबाडिया को विसावदर, भगा बारड को तालाला, अश्विन कोटवाल को खेडब्रह्मा और जीतू चौधरी को कपराडा से भाजपा ने टिकट दिया है। सभी नेता 2017 में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीते थे। बहरहाल, बुधवार को दिल्ली में केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक से पहले ही गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व उप मुख्यमंत्री सहित पांच पूर्व वरिष्ठ मंत्रियों ने विधानसभा चुनाव न लड़ने का ऐलान कर दिया था। शुरुआत पूर्व उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल ने की। फिर पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपानी, पूर्व गृह राज्यमंत्री प्रदीप सिंह जडेजा, पूर्व विधि व शिक्षा मंत्री भूपेंद्र सिंह चूडासमा और पूर्व मंत्री सौरभ पटेल व प्रदेश अध्यक्ष रहे आरसी फलदू ने भी चुनाव न लड़ने के लिए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल को चिट्ठी लिखी।
Published

और पढ़ें