नई दिल्ली। गुजरात में मुख्यमंत्री पद से हटाए जाने के बाद अब विजय रुपानी की विधानसभा से भी छुट्टी हो गई है। गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों का नाम तय करने के लिए बुधवार को हुई भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक से ठीक पहले रुपानी ने ऐलान कर दिया कि वे विधानसभा का चुनाव नहीं लड़ेंगे। उनके साथ ही उनकी सरकार में उप मुख्यमंत्री रहे नितिन पटेल ने भी चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान किया। उन्होंने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल को चिट्ठी लिख कर कहा है कि वे चुनाव नहीं लड़ना चाहते हैं।
ध्यान रहे पिछले साल भाजपा के आला नेतृत्व ने विजय रुपानी को मुख्यमंत्री पद से हटा कर भूपेंद्र पटेल को सीएम बनाया था। रुपानी के साथ ही उनकी सरकार के सारे मंत्रियों को भी हटा दिया गया था। बाद में रुपानी ने कहा था कि उनको एक रात पहले फोन करके मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने को कहा गया था। उन्होंने कहा था कि इसका कोई कारण नहीं बताया गया था लेकिन वे भाजपा के अनुशासित सिपाही हैं इसलिए इस्तीफा दे दिया था।
बहरहाल, पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपानी और पूर्व उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल के अलावा कई और दिग्गज नेता विधानसभा का चुनाव नहीं लड़ेंगे। विजय रुपानी सरकार में शिक्षा और राजस्व जैसा भारी भरकम मंत्रालय संभालने वाले भूपेंद्र चुड़ासमा भी विधानसभा का चुनाव नहीं लड़ेंगे। रुपानी सरकार में ही मंत्री रहे दिग्गज नेता सौरभ पटेल और प्रदीप सिंह जडेजा के भी चुनाव नहीं लड़ने की खबर है। इस बीच दिल्ली में भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल हुए। बताया जा रहा है कि पार्टी ने सभी 182 सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम तय कर लिए हैं।