Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

सुपरसोनिक विमान पर फिर हनुमानजी की फोटो

बंगलुरू। एयरो इंडिया शो में शामिल सुपरसोनिक ट्रेनर विमान पर फिर से हनुमानजी की तस्वीर लगाई गई है। समारोह के उद्घाटन के दिन भी तस्वीर लगी थी, जिसकी काफी चर्चा हुई थी लेकिन उसके बाद इसे हटा दिया गया था। अब समापन के दिन फिर से वह तस्वीर दिखाई दी है। विमान हिंदुस्‍तान एरोनॉटिक्‍स लिमिटेड, एचएएल का एक प्रोटोटाइप विमान है, जिस पर से हनुमानजी के स्टिकर को हटाए जाने के कुछ दिनों बाद, यह स्टिकर शो के अंतिम दिन फिर से नजर आया। अधिकारियों ने इस मुद्दे पर कुछ नहीं कहा है।

विमान पर लगे स्टिकर में आंजनेय (हनुमानजी को इस नाम से भी पुकारा जाता है), को युद्ध मुद्रा में अपनी गदा के साथ दिखाया गया है। स्टिकर के नीचे कैप्‍शन में ‘द स्टॉर्म इज कमिंग’ यानी ‘तूफान आ रहा है’ लिखा हुआ है। गौरतलब है कि एयरो शो के पहले दिन, एचएएल के सुपरसोनिक ट्रेनर विमान एचएलएफटी-42 की ‘टेल’ पर हनुमानजी की तस्वीर लगी थी, जिसे अगले दिन हटा दिया गया था लेकिन शो के आखिरी दिन शुक्रवार फिर से वही तस्वीर देखने को मिली।

उस समय कहा गया था कि विमान की ताकत को प्रदर्शित करने के लिए हनुमानजी की तस्वीर का इस्तेमाल करने का फैसला किया गया था। इस फैसले को बदलते हुए एचएएल के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक सीबी अनंतकृष्णन ने कहा था कि उचित नहीं था। गौरतलब है कि एशिया के सबसे बड़े एयरो शो, एयरो इंडिया 2023 का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 13 फरवरी को किया था। पांच दिन के इस कार्यक्रम में आठ सौ से अधिक कंपनियों और 98 देशों के प्रतिनिधियों ने भागीदारी की।

Exit mobile version