Assam mizoram border dispute गुवाहाटी। असम और मिजोरम की सीमा पर हुई हिंसक झड़प के एक हफ्ते बाद दोनों राज्यों की ओर से सुलह सफाई की पहल हुई है। दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने एक दूसरे से बात की है। बताया जा रहा है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के निर्देश पर दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने बात की है और विवाद सुलझाने की पहल की है।
इससे पहले मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरमथांगा ने रविवार को अमित शाह से बात की और उसके बाद उन्होंने असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा से भी टेलीफोन पर बात की। सरमा के साथ टेलीफोन पर बातचीत के बाद उन्होंने कहा कि असम के साथ सीमा विवाद को बातचीत के जरिए सुलझा लिया जाएगा। उन्होंने मिजोरम के लोगों से अपील की है कि स्थिति को किसी भी तरह बिगड़ने न दें।
Read also कंधार हवाईअड्डे पर रॉकेट से हमला
मिजोरम के मुख्यमंत्री ने ट्विट करके बताया- केंद्रीय गृह मंत्री और असम के मुख्यमंत्री के साथ टेलीफोन पर हुई चर्चा के अनुसार, हम मिजोरम-असम सीमा मुद्दे को सार्थक बातचीत के जरिए सुलझाने पर सहमत हुए हैं। बताया जा रहा है कि सीमा विवाद को सुलझाने के लिए दोनों सरकारों के बीच नए सिरे से बातचीत शुरू हो गई है।
गौरतलब है कि 26 जुलाई को मिजोरम और असम की सीमा पर हिंसक झड़प में असम पुलिस के पांच जवानों और नागरिक की जान चली गई थी और अनेक लोग घायल हुए थे। उसके बाद से दोनों राज्यों के बीच तनातनी बरकरार है। मिजोरम ने इस घटना को लेकर एक एफआईआर दर्ज की है, जिसमें असम के मुख्यमंत्री और चार वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों सहित कई लोगों को नामजद किया गया है। इस पर असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने एक निष्पक्ष एजेंसी से मामले की जांच की मांग की थी।
Assam mizoram border dispute
Tags :Amit Shah Home Minister