नई दिल्ली। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर से आधे कर्मचारियों को निकाले जाने के बाद नौकरी के सख्त नियमों की वजह से बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने इस्तीफा दे दिया है। गौरतलब है कि कंपनी के नई मालिक इलॉन मस्क ने कर्मचारियों को 12 घंटे से ज्यादा देर तक काम करने का आदेश दिया था। उन्होंने कहा था कि हफ्ते में 80 घंटे काम करना होगा। उनकी चेतावनी के बाद कर्मचारियों के इस्तीफे का सिलसिला शुरू हुआ।
मस्क ने चेतावनी दी थी कि ज्यादा देर तक काम के लिए तैयार रहो या कंपनी छोड़ो। इसके बाद लगातार इस्तीफे होने लगे और इस वजह से कार्यालय सोमवार तक बंद करना पड़ा। इन इस्तीफों के बाद सोशल मीडिया पर ट्विटर के सैन फ्रांसिस्को हेडक्वार्टर के वीडियो वायरल होने लगे हैं। ऑफिस के इलेक्ट्रॉनिक बिल बोर्ड पर इलॉन मस्क को तानाशाह, परजीवी, पागल और अहंकारी लिखा गया। हालांकि कितने कर्मचारियों ने इस्तीफा दिया है, ये साफ नहीं है।
एक ऐप पर हुए सर्वे की रिपोर्ट में बताया गया है कि 42 फीसदी कर्मचारी काम छोड़ना चाहते हैं। कई कर्मचारियों ने अपने इस्तीफा देने की बात सोशल मीडिया पर शेयर की। इसके बाद इलॉन मस्क ने इन इस्तीफों पर कहा- मुझे कोई फिक्र नही है। जो बेस्ट कर्मचारी हैं, वो नहीं गए हैं। असल में मस्क ने बुधवार को कर्मचारियों को कंपनी में बने रहने के लिए ईमेल भेजकर एक अल्टीमेटम दिया है। इसमें कर्मचारियों से कहा गया है कि कंपनी की शर्तों के अनुसार काम करना होगा। ईमेल में कहा गया है कि जो भी कर्मचारी कंपनी का हिस्सा बने रहना चाहते हैं वो ईमेल में दिए गए लिंक पर ‘हां’ में क्लिक करें। जिस किसी ने गुरुवार शाम पांच बजे तक ऐसा नहीं किया, उसे निकालने का तीन महीने का नोटिस मिलेगा।
Tags :Twitter employees resign