Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

एयरो इंडिया शो का उद्घाटन

बेंगलुरू। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को एयरो इंडिया 2023 का उद्घाटन किया और आसमान में भारत की बढ़ती ताकत का जिक्र किया। उन्होंने स्वदेशी विमान तेजस की जम कर तारीफ की और कहा कि यह भारत की बढ़ती क्षमता का उदाहरण है। येलहंका के वायु सेना स्टेशन में एयरो इंडिया शो के 14वें संस्करण का उद्घाटन करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश-विदेश के एग्जिबिटर इसमें अपनी भागीदारी कर रहे हैं। इसने अब तक अपने सारे रिकोर्ड तोड़ दिए हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि इस शो में भारतीय एमएसएमई भी हैं, स्वदेशी स्टार्ट अप भी है और दुनिया की जानी मानी कंपनी भी हैं। उन्होंने कहा कि एयरो इंडिया का यह आयोजन भारत के बढ़ते हुए सामर्थ्य का उदाहरण है। इसमें दुनिया की करीब एक सौ देशों की मौजूदगी होना दिखाता है कि भारत पर पूरे विश्व का विश्वास कितना बढ़ गया है। भारत और दुनिया के सात से ज्यादा एग्जिबिटर इसमें हिस्सा ले रहे हैं। इसने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।

बेंगलुरू में आयोजित एयरो इंडिया शो में प्रधानमंत्री ने कहा- रक्षा एक ऐसा क्षेत्र है, जिसकी तकनीक, मार्केट और सतर्कता को सबसे जटिल माना जाता है। हमारा लक्ष्य है कि 2024-25 तक इसके निर्यात के आंकड़े को डेढ़ बिलियन से बढ़ा कर पांच बिलियन डॉलर तक ले जाया जाए। उन्होंने कहा- एक समय था जब इसे महज शो समझा जाता था। पिछले कुछ वर्षों में देश ने इस धारणा को बदल दिया है। आज यह सिर्फ शो नहीं है, बल्कि भारत की ताकत भी है। यह भारतीय रक्षा उद्योग और आत्मविश्वास के दायरे पर केंद्रित है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत सुधारों की राह पर है। उन्होंने कहा- हम तैयार हैं। सुधारों की राह पर, हम हर क्षेत्र में क्रांति ला रहे हैं। दशकों तक रक्षा का सबसे बड़ा आयातक देश अब निर्यात करता है 75 देशों को रक्षा उपकरण। राजनाथ सिंह ने कहा- हमारे रक्षा क्षेत्र ने कुछ वर्षों में एक लंबी यात्रा तय की है। इस यात्रा में रक्षा क्षेत्र ने सफलता के कई पड़ाव पार किए जो आगे चल कर इस क्षेत्र में मजबूती का स्तंभ बने हैं। एयरो इंडिया भी उन्हीं स्तंभों में से एक है।

Exit mobile version