समाचार मुख्य

मोदी ने किया मैत्री सेतु का उद्घाटन

ByNI Desk,
Share
मोदी ने किया मैत्री सेतु का उद्घाटन
नई दिल्ली।  बांग्लादेश के दौरे पर जाने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को भारत और बांग्लादेश के बीच फेनी नदी पर बने मैत्री सेतु का उद्घाटन किया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने त्रिपुरा में कई बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का भी उद्घाटन और शिलान्यास किया। वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए मैत्री सेतु का उद्घाटन करने के बाद प्रधानमंत्री ने कहा कि इस पुल के खुल जाने से अगरतला, अंतरराष्ट्रीय समुद्री बंदरगाह से भारत का सबसे नजदीकी शहर बन जाएगा। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी मार्च के अंत में बांग्लादेश के दौरे पर जाने वाले हैं। प्रधानमंत्री ने मंगलवार को कहा- आज राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण से जुड़़ी जिन परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है, उनसे पूर्वोत्तर का बंदरगाह से संपर्क और सशक्त होगा। उन्होंने कहा कि 2107 में त्रिपुरा की जनता ने भाजपा पर भरोसा जताकर डबल इंजन की सरकार बनाई आज वह पुरानी सरकार के 30 साल और डबल इंजन की तीन साल की सरकार में आए बदलाव को स्पष्ट अनुभव कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछली वामपंथी शासन में त्रिपुरा में कमीशन और भ्रष्टाचार के बिना काम होना मुश्किल था, वहीं आज सरकारी लाभ लोगों के बैंक खाते में सीधे पहुंच रहा है। मोदी ने कहा कि जिस त्रिपुरा को हड़ताल की संस्कृति ने बरसों पीछे कर दिया था, आज वह राज्य कारोबार की सुगमता के लिए काम कर रहा है और जहां कभी उद्योगों में ताले लगने की नौबत आ गई थी, वहां अब नए उद्योगों और नए निवेश के लिए जगह बन रही है। इस मौके पर बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना का एक वीडियो संदेश भी प्रसारित किया गया। कार्यक्रम में त्रिपुरा के राज्यपाल रमेश बैस और मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब भी मौजूद थे। फेनी नदी त्रिपुरा और बांग्लादेश में भारतीय सीमा के बीच बहती है।
Published

और पढ़ें