ताजा पोस्ट

भारत-चीन के मामले में अमेरिकी दखल से चीन नाराज

ByNI Desk,
Share
भारत-चीन के मामले में अमेरिकी दखल से चीन नाराज
बीजिंग। भारत और चीन के सीमा विवाद को लेकर अमेरिका के एक सैन्य अधिकारी की टिप्पणी को लेकर चीन ने बड़ी नाराजगी जाहिर की है। उसने अमेरिकी जनरल की टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। चीनी विदेश मंत्रालय ने कहा है- भारत और चीन बातचीत के जरिए सीमा मुद्दे को सुलझा सकते हैं। ध्यान रहे इससे पहले भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने यूरोपीय देशों नसीहत देते हुए कहा था कि चीन के साथ भारत के रिश्ते असहज हैं लेकिन भारत इसे मैनेज कर लेगा। बहरहाल, चीन ने अमेरिका पर आग में घी डालने और अमन को खतरे में डालने के आरोप लगाए हैं। बीजिंग ने दावा किया कि भारत-चीन सीमा पर सैन्य गतिरोध स्थिर हो रहा है। गौरतलब है कि भारत के दौरे पर आए अमेरिकी सेना के प्रशांत क्षेत्र के कमांडिंग जनरल चार्ल्स ए फ्लिन ने लद्दाख में चीन की हरकतों को खतरे की घंटी बताया था। उन्होंने कहा था- चीन का यह रवैया पड़ोसी देशों के साथ संबंधों को नुकसान पहुंचाने वाला है। उनका इशारा सीमा पर चीन की तरफ से बड़े पैमाने पर किए जा रहे निर्माण की ओर था। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता झाओ लिजियन ने इसे लेकर कहा है- सीमा विवाद चीन और भारत के बीच है। दोनों पक्ष बातचीत से मुद्दे को हल कर सकते हैं। कुछ अमेरिकी अधिकारी आग में घी डालने और उंगलियां उठाने की कोशिश कर रहे हैं। यह शर्मनाक है। हम उम्मीद करते हैं कि वे आगे से ऐसा नहीं करेंगे। शांति और स्थिरता में बनाए रखने की कोशिश करेंगे। झाओ लिजियन ने कहा- पूर्वी लद्दाख में पिछले दो साल से दोनों देशों के बीच जो सैन्य गतिरोध था, वो अब स्थिर हो रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि दोनों देशों की सेनाएं पीछे हट रही हैं। हालांकि सीमा पर कई ऐसे प्वाइंट अब भी मौजूद हैं, जहां सेनाएं आमने-सामने हैं।
Tags :
Published

और पढ़ें