मॉस्को। रूस के रक्षा मंत्री की राजनाथ सिंह से बात और विदेश मंत्री एस जयशंकर की मॉस्को यात्रा की घोषणा के बाद रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत की विदेश नीति की तारीफ की है। राष्ट्रपति पुतिन ने वाल्डाई डिस्कशन क्लब में अपने सालाना संबोधन में गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्वतंत्र विदेश नीति की तारीफ की। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत में उनके नेतृत्व में बहुत कुछ किया गया है। उन्होंने मोदी को देशभक्त भी कहा।
पुतिन ने अपने भाषण में कहा- पीएम मोदी के नेतृत्व में बहुत कुछ किया गया है। वे अपने देश के देशभक्त हैं। उन्होंने मेक इन इंडिया कार्यक्रम की तारीफ की और कहा- उनका विचार आर्थिक और नैतिकता दोनों में मायने रखता है। भविष्य भारत का है, इस पर गर्व हो सकता है कि यह दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। भारत के विकास को जबरदस्त बताते हुए रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि करीब डेढ़ अरब लोग और निश्चित विकास परिणाम सभी को भारत के सम्मान और तारीफ का कारण देते हैं।
पुतिन ने भारत और रूस के बीच संबंधों को विशेष बताया और कहा- हमारे पास कभी भी कोई मुश्किल मुद्दा नहीं था और हमने एक-दूसरे का समर्थन किया और यह अभी भी हो रहा है। मुझे यकीन है कि यह भविष्य में भी होगा। पुतिन ने इस बात पर भी जोर दिया कि पीएम मोदी ने उनसे उर्वरकों की आपूर्ति बढ़ाने के लिए कहा है जो भारतीय कृषि के लिए बहुत महत्वपूर्ण है।