ताजा पोस्ट

आजमगढ़, रामपुर में रोचक हुआ मुकाबला

ByNI Desk,
Share
आजमगढ़, रामपुर में रोचक हुआ मुकाबला
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की दो लोकसभा सीटों- आजमगढ़ और रामपुर में हो रहे उपचुनाव में मुकाबला दिलचस्प हो गया है। रामपुर सीट पर समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान ने अपनी पत्नी तंजीम फातिमा को चुनाव लड़ाने से मना कर दिया है। उधर आजमगढ़ में भी सपा ने दलित उम्मीदवार पर दांव लगाने की बजाय मुलायम परिवार से ही उम्मीदवार उतारा है। नामांकन के आखिरी दिन पार्टी ने आजमगढ़ सीट से धर्मेंद्र यादव को प्रत्याशी बनाया। वे पहले बदायूं से सांसद रहे हैं। समाजवादी पार्टी ने धर्मेंद्र यादव को आजमगढ़ और आजम खान की पत्‍नी तंजीम फातिमा को रामपुर से उम्मीदवार बनाने का ऐलान किया गया था। लेकिन इसके थोड़ी देर बाद ही रामपुर का उम्मीदवार बदल दिया गया। रामपुर सीट से तंजीम फातिमा की जगह आसिम रजा को सपा उम्‍मीदवार बनाया गया है। आजम खान ने खुद समाजवादी पार्टी के कार्यालय पहुंचकर यह ऐलान किया। आसिम रजा सपा के रामपुर नगर अध्यक्ष रहे हैं और आजम खान के करीबी माने जाते हैं। रामपुर सीट पर  नामांकन से ठीक पहले प्रत्याशी बदला गया। नामांकन का वक्त खत्म होने से करीब एक घंटे पहले आसिम रजा का नाम का ऐलान किया गया। दूसरी ओर भाजपा ने आजमगढ़ लोकसभा सीट से एक बार फिर भोजपुरी अभिनेता दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ' को उम्मीदवार बनाया है। ‘निरहुआ' ने साल 2019 के संसदीय चुनाव भी इस सीट से लड़ा था। हालांकि आजमगढ़ सीट पर तब वे समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव से हार गए थे। रामपुर सीट से भाजपा ने घनश्याम लोधी को उम्मीदवार बनाया है। पहले कहा जा रहा था कि केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी रामपुर सीट से लड़ेंगे। बहरहाल, आजमगढ़ सीट अखिलेश यादव और रामपुर सीट आजम खान के इस्तीफे से खाली हुई है। उत्तर प्रदेश की दो लोकसभा सीटों के अलावा पंजाब की संगरूर सीट पर भी उपचुनाव होना है। मुख्यमंत्री भगवंत मान के इस्तीफे से यह सीट खाली हुई है। तीन लोकसभा और सात विधानसभा सीटों पर 23 जून को उपचुनाव होगा और वोटों की गिनती 26 जून को होगी।
Published

और पढ़ें