Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

राष्ट्रपति मुर्मू सूरीनाम के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार से सम्मानित

Draupadi Murmu:- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सूरीनाम के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार ‘ग्रैंड ऑर्डर ऑफ द चेन ऑफ द येलो स्टार’ से सम्मानित किए जाने पर सोमवार को आभार व्यक्त किया। सूरीनाम के राष्ट्रपति चंद्रिकाप्रसाद संतोखी ने उन्हें इस पुरस्कार से सम्मानित किया है।

पिछले साल जुलाई में भारत के राष्ट्रपति का पदभार ग्रहण करने के बाद पहली बार तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर रविवार को सूरीनाम पहुंचीं मुर्मू ने सूरीनाम के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार से सम्मानित किए जाने के बाद ट्वीट किया, यह सम्मान न केवल मेरे लिए बल्कि भारत के उन 1.4 अरब लोगों के लिए भी बेहद मायने रखता है जिनका मैं प्रतिनिधित्व करती हूं।’ उन्होंने भारतीय-सूरीनाम समुदाय की विभिन्न पीढ़ियों को यह सम्मान समर्पित किया, जिन्होंने दोनों देशों के बीच संबंधों को समृद्ध करने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रपति मुर्मू को सूरीनाम के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से नवाजे जाने पर उन्हें बधाई दी और कहा कि यह विशेष भाव दोनों देशों के बीच स्थायी मित्रता का प्रतीक है। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया, सूरीनाम के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार ‘ग्रैंड ऑर्डर ऑफ द चेन ऑफ द येलो स्टार’ से सम्मानित किए जाने पर राष्ट्रपति जी को बधाई। सूरीनाम की सरकार और लोगों का यह विशेष भाव दोनों देशों के बीच स्थायी मित्रता का प्रतीक है।

इससे पहले विदेश मंत्रालय ने राष्ट्रपति को सम्मानित किए जाने की जानकारी दी थी। मंत्रालय के आधिकारिक खाते से ट्वीट किया गया, भारत-सूरीनाम के गहरे संबंधों का सम्मान। सूरीनाम के राष्ट्रपति चंद्रिकाप्रसाद संतोखी ने उनके देश के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार ‘ग्रैंड ऑर्डर ऑफ द चेन ऑफ द येलो स्टार’ से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को सम्मानित किया।

Exit mobile version