भोपाल। कांग्रेस की मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष कमलनाथ ने आज पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों से लॉकडाउन के दौरान रोजगार के अभाव में अपने घरों को लौट रहे श्रमिकों का सहयोग करने का अनुरोध किया है।
कमलनाथ ने ट्वीट के माध्यम से कहा कि वे प्रदेश कांग्रेस विधायकों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं, समाजसेवी संगठनों और संस्थाओं से अपील करते हैं।
प्रदेश की सीमाओं, मार्गों पर ग़रीब- बेबस मज़दूर भाइयों की भीड़ लगी है, जो लॉकडाउन में रोज़गार के अभाव में भूखे-प्यासे अपने घरों को वापस लौट रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोई पैदल, कोई साइकल से, कोई अन्य साधन से अपनी मंज़िल की ओर निकल पड़ा है।
ये सभी भूख प्यास, गर्मी लू और अन्य कारणों से परेशान हैं। उन्होंने कांग्रेसजनों से कहा कि वे ऐसे सभी श्रमिकों का अपने अपने क्षेत्रों में खाने पीने और राशन का इंतजाम करें। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार श्रमिकों के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं कर पा रही है।