Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

भाजपा के घोषणापत्र में ‘मुफ्त की रेवड़ियों’ की भरमार

बेंगलुरू। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘मुफ्त की रेवड़ी’ की संस्कृति को देश के लिए खतरनाक मानते हैं लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए जो घोषणापत्र जारी किया है उसमें मुफ्त की रेवड़ियों की भरमार है। पार्टी ने कहा है कि अगर राज्य में उसकी सरकार बनती है तो हर गरीब परिवार को रसोई गैस के तीन सिलिंडर मुफ्त मिलेंगे। गरीब परिवारों को पांच किलो अनाज हर महीने मुफ्त दिया जाएगा और साथ ही हर दिन आधा किलो नंदिनी ब्रांड का दूध भी दिया जाएगा। कांग्रेस की तरह भाजपा ने भी महिलाओं को मुफ्त बस पास देने की घोषणा भी की है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सोमवार को पार्टी का घोषणापत्र जारी किया। इसमें पार्टी की ओर से ढेर सारी लोक लुभावन घोषणाएं की गई हैं। भाजपा ने अपने घोषणापत्र में कहा कि बीपीएल परिवार को हर साल तीन गैस सिलिंडर फ्री दिए जाएंगे। उगाड़ी, गणेश चतुर्थी और दीपावली पर सिलिंडर दिए जाएंगे। हर नगर निगम के हर वार्ड में किफायती, गुणवत्ता वाला भोजन देने का भी वादा पार्टी ने किया है। अटल आचार केंद्र पोषाण योजना के तहत बीपीएल परिवार को हर दिन आधा किलो नंदिनी दूध और हर महीने पांच किलो श्री अन्न, श्री धन्य राशन किट दी जाएगी।

भाजपा ने अपने घोषणापत्र में कर्नाटक में समान नागरिक संहिता लागू करने का वादा किया है और साथ ही राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर, एनआरसी का भी वादा किया है। पार्टी ने कहा है कि राज्य में समान नागरिक संहिता कानून लागू करने के लिए एक उच्च स्तरीय समिति बनाई जाएगी। इसके अलावा राज्य के दस लाख बेघर लोगों को रहने के लिए मकान दिए जाएंगे। राज्य में भाजपा की सरकर बनी तो महिला, एससी एसटी घरों के लिए पांच साल का दस हजार रुपए फिक्सड डिपॉजिट कराया जाएगा।

भाजपा ने वादा किया है कि उसकी सरकार बनी तो सीनियर सिटिजन के लिए हर साल मुफ्त हेल्थ चेक अप की सुविधा दी जाएगी। कल्याण सर्किट, बनवासी सर्किट, परशुराम सर्किट, कावेरी सर्किट, गंगापुरा सर्किट के विकास के लिए डेढ़ हजार करोड़ रुपए देने का भाजपा ने वादा किया है। भाजपा ने 30 लाख महिलाओं के लिए फ्री बस पास देने का ऐलान किया है। शहरी गरीबों के लिए पांच लाख घर देने का वादा भी भाजपा ने किया है तो देव यात्रा तिरुपति, अयोध्या, काशी, रामेश्वरम, कोल्हापुर, सबरीमाला और केदारनाथ जाने के लिए गरीब परिवारों को 25 हजार रुपए की मदद का भी वादा पार्टी ने किया है।

Exit mobile version