नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को भाजपा की दिल्ली इकाई के प्रमुख मनोज तिवारी से उत्तर प्रदेश और हरियाणा में भगवा पार्टी के काम के बारे में सवाल पूछा। इससे पहले तिवारी ने कहा था कि उनकी पार्टी राष्ट्रीय राजधानी में सत्ता में आने पर पांच गुना अधिक काम करेगी। सभी राजनीतिक पार्टियां दिल्ली में आठ फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कमर कस रही हैं। केजरीवाल सरकार का कार्यकाल अगले महीने समाप्त हो रहा है।
केजरीवाल ने बुधवार को तिवारी को दिल्ली में वादा करने से पहले भाजपा शासित राज्यों में मुफ्त बिजली और पानी की योजनाओं को लागू करने का साहस दिखाने की बात कही थी। एक ट्वीट के जवाब में, जिसमें दावा किया गया कि तिवारी ने कहा था कि वह सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) द्वारा लागू की गई सब्सिडी को समाप्त नहीं करेंगे बल्कि इसे पांच गुना बढ़ा देंगे, केजरीवाल ने कहा था कि यह लोगों का मजाक उड़ाने जैसा है। केजरीवाल ने ट्वीट किया, पांच गुना अधिक सब्सिडी देंगे? मतलब? 200 यूनिट के बजाए 1000 यूनिट बिजली मुफ्त देंगे? 20 हजार लीटर के बजाए एक लाख लीटर पानी मुफ्त देंगे? ऐसे वादों से आप जनता का मजाक बना रहे हैं।
यह खबर भी पढ़ें:- भाजपा शासित एमसीडी ‘सबसे भ्रष्ट विभाग’ : केजरीवाल
दिल्ली चुनाव के पहले किसी भी एक भाजपा शासित राज्य में यह सब लागू तो कीजिए। केजरीवाल के इस ट्वीट का जवाब देते हुए तिवारी ने ट्वीट किया, अरविंद केजरीवालजी, आप अपने पांच साल की सरकार में जो भी देने का क्लेम कर सकते हैं, करें। उसका कम से कम पांच गुना देगी भाजपा सरकार में आने पर, फरवरी से ही। आप सीधे ये बताएं कि दिल्ली की जनता को क्या दिया पांच सालो में। टोटल फायदा प्रति परिवार? तिवारी ने केजरीवाल से पिछले पांच वर्षों में प्रत्येक परिवार को दिए गए लाभों का विवरण देने को कहा।
जवाब में केजरीवाल ने तिवारी से कहा कि वह हरियाणा और उत्तर प्रदेश में प्रति परिवार दिए गए इसी तरह के लाभ का विवरण दें। केजरीवाल से पूछा, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा के मामले में आपने (भाजपा ने) हरियाणा और उत्तर प्रदेश के लोगों को प्रति परिवार क्या लाभ दिया है? उत्तर प्रदेश और हरियाणा में भाजपा सत्ता में है। आप दिल्ली में बिजली, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्यों के आधार पर चुनाव लड़ रही है।