ताजा पोस्ट

Kisan Andolan: हरियाणा में किसान मोर्चे का प्रदर्शन

ByNI Desk,
Share
Kisan Andolan: हरियाणा में किसान मोर्चे का प्रदर्शन
चंडीगढ़। केंद्र सरकार के बनाए तीन कृषि कानूनों के विरोध में छह महीने से ज्यादा समय से आंदोलन कर रहे संयुक्त किसान मोर्चा ने शनिवार को हरियाणा में प्रदर्शन किया। किसान नेता राकेश टिकैत और गुरनाम सिंह चढूनी के नेतृत्व में हजारों किसानों ने हरियाणा के टोहाना में मार्च किया। गौरतलब है कि राज्य की भाजपा सरकार की सहयोगी जननायक जनता पार्टी के विधायक देवेंद्र बबली के साथ किसानो की झड़प हुई थी और तीन किसानों को गिरफ्तार किया गया। उसके विरोध में किसानों ने मार्च निकाला। बताया जाता है कि देवेंद्र बबली ने टोहाना में विरोध प्रदर्शन करने वाले किसानों के प्रति अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। हरियाणा में प्रदर्शनकारी किसानों ने बुधवार को कहा था कि यदि जननायक जनता पार्टी के विधायक देवेंद्र सिंह बबली फतेहाबाद के टोहाना में एक प्रदर्शन के दौरान कथित रूप से उन्हें गालियां देने को लेकर छह जून तक माफी नहीं मांगते हैं तो वे राज्य में सभी थानों का घेराव करेंगे। दूसरी ओर बबली ने किसानों के आरोपों से इनकार किया है और उलटे किसानों के एक समूह पर उनकी हत्या का प्रयास करने का आरोप लगाया है। गौरतलब है कि मंगलवार को टोहाना में हुई झड़प के सिलसिले में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दो एफआईआर दर्ज की गई हैं। इस झड़प के दौरान किसानों ने देवेंद्र बबली की गाड़ी को घेर लिया था। विधायक के साथ मारपीट करने के आरोप में किसानों पर मामला दर्ज किया गया है। अगले दिन किसानों द्वारा उनके घर को घेरने के बाद एक तीसरा मामला दर्ज किया गया। किसानों ने कहा है कि अगर विधायक माफी नहीं मांगते हैं तो वे पूरे हरियाणा के पुलिस थानों को घेर लेंगे। इस बीच किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी ने प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने की अपील की है।
Published

और पढ़ें