ताजा पोस्ट

संघ पर उठे विवाद के कारण विधान परिषद की कार्यवाही स्थगित

ByNI Desk,
Share
संघ पर उठे विवाद के कारण विधान परिषद की कार्यवाही स्थगित
मुंबई। महाराष्ट्र विधान परिषद में शनिवार को चर्चा के दौरान राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (संघ) पर एक विधायक की टिप्पणी पर विपक्षी भाजपा के कुछ सदस्यों ने आपत्ति जताई जिसके बाद सदन की कार्यवाही कुछ देर के लिये स्थगित की गई। विधान परिषद के सदस्य कपिल पाटिल ने कहा कि स्कूल शिक्षा विभाग में भाजपा नीत पिछली राज्य सरकार के आदेश संघ की विचारधारा से प्रेरित हैं। उन्होंने कहा, ''पिछली सरकार ने तीन शासन आदेश जारी किये थे, जो आरएसएस की विचारधारा से प्रेरित हैं।'' इस पर भाजपा विधान पार्षद प्रसाद लाड, भाई गिरकार और रंजीत पाटिल ने आपत्ति जताते हुए उप सभापति नीलम गोरहे से यह टिप्पणी हटाने का आग्रह किया। गोरहे ने ऐसा करने से इनकार करते हुए राज्य की स्कूली शिक्षा मंत्री वर्षा गायकवाड़ से इसपर जवाब देने के लिये कहा। गायकवाड़ ने कहा, ''सभी तीनों शासन आदेशों की दोबारा समीक्षा की जाएगी और एक महीने के भीतर इसपर उचित निर्णय लिया जाएगा।'' हालांकि पाटिल ने गायकवाड़ के जवाब को मानने से इनकार करते हुए उन तीनों आदेशों को तत्काल वापस लेने की मांग की। पाटिल सदन में लगातार विरोध करते रहे। गृह मंत्री अनिल देशमुख, ऊर्जा मंत्री नितिन राउत और उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री उदय सामंत के लगातार अनुरोध के बाद पाटिल अपनी सीट पर लौटे। इसके बाद गोरहे ने सदन की कार्यवाही पांच मिनट के लिये स्थगित कर दी।
Published

और पढ़ें