समाचार मुख्य

Lockdown Unlock Update: अब देश भर में शुरू होगा अनलॉक

ByNI Desk,
Share
Lockdown Unlock Update: अब देश भर में शुरू होगा अनलॉक
नई दिल्ली। कोरोना वायरस के संक्रमण के कम होते मामलों के बीच अब देश भर के राज्यों में अनलॉक की प्रक्रिया शुरू होने वाली है। कम से कम आधा दर्जन राज्यों ने सोमवार से अनलॉक की प्रक्रिया शुरू करने का फैसला किया है। कुछ राज्यों ने पहले ही धीरे धीरे कुछ सेवाओं को शुरू करने की इजाजत दे दी है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के साथ साथ मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, उत्तर प्रदेश सहित कुछ और राज्यों में सोमवार से अनलॉक की प्रक्रिया शुरू होगी। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को प्रेस कांफ्रेंस कर अनलॉक का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि हर हफ्ते जनता के सुझाव और विशेषज्ञों की राय लेकर धीरे-धीरे लॉकडाउन खत्म करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली में निर्माण कार्य चालू होंगे और फैक्टरियां खोली जाएंगी। उनकी प्रेस कांफ्रेंस के बाद यह तय हो गया कि मेट्रो सेवा का संचालन अभी शुरू नहीं हो रहा है। बहरहाल दिल्ली में सोमवार सुबह पांच बजे से लॉकडाउन खुलना शुरू होगा। इसके एक दिन बाद एक जून से मध्य प्रदेश, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में अनलॉक की शुरुआत होगी। राजस्थान सरकार ने इसे पहले चरण के अनलॉक को मिनी अनलॉक नाम दिया गया है। इसमें बहुत ज्यादा छूट नहीं मिलने वाली है। अनलॉक के पहले चरण में बाजार में सीमित संख्या में दुकानें खोलने की मंजूरी मिलेगी। पहले राजस्थान में आठ जून तक लॉकडाउन लगाया गया था, लेकिन जहां कोरोना के मामले कम हैं, वहां अनलॉक की शुरुआत की जा रही है। अनलॉक के पहले चरण में किराना, दूध, डेयरी जैसी दुकानों के खुलने का समय बढ़ना तय है। राज्य के अंदर आवाजाही पर लगी रोक हट सकती है। इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकानें खोलने की मंजूरी मिल सकती है। मध्य प्रदेश में अनलॉक के पहले चरण में सैलून, किराना दुकानों के साथ ही फल और सब्जी की दुकानों को छूट दी जा सकती है। हालांकि, रेस्तरां और होटलों को फिलहाल बंद रखने का फैसला किया गया है। चिकित्सा स्वास्थ्य मंत्री विश्वास सारंग ने शुक्रवार को कहा कि जल्दी ही अनलॉक की योजना तय कर ली जाएगी। निजी कंपनी, पान-गुटखा दुकानें, स्कूल, समारोह में लोगों की संख्या और निर्माण सहित अन्य कई सेक्टर खोलने पर विचार किया जा सकता है। छत्तीसगढ़ में रायपुर और बिलासपुर सहित कई जिलों में अनलॉक की शुरुआत हो चुकी है। वहां 41 दिन के लॉकडाउन के बाद बाजार खुलने लगे हैं। नई गाइडलाइन के मुताबिक, रायपुर में सैलून, ब्यूटी पार्लर, स्पा, पार्क और जिम, शॉपिंग मॉल, ठेला-गुमटी, सुपर मार्केट, सुपर बाजार, फल और सब्जी मंडी, अनाज मंडी, शोरूम, क्लब और शराब की दुकानें शाम छह बजे तक खुल रही हैं। हालांकि, रविवार को पूर्ण लॉकडाउन का पालन कराया जाएगा। उत्तर प्रदेश में एक जून से चरणबद्ध तरीके से लॉकडाउन खोला जा सकता है। कई गतिविधियों में छूट मिल सकती है, लेकिन वीकेंड और नाइट कर्फ्यू आगे भी जारी रह सकता है। सरकार अचानक से लॉकडाउन में पूरी तरह से छूट नहीं देना चाहती है। इससे कोरोना के मामलों में फिर से बढ़ोतरी होने की आशंका है।
Published

और पढ़ें