Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

भाजपा 2024 में जीतेगी लेकिन….

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरे आत्मविश्वास के साथ कहा है कि 2024 में भाजपा जीतेगी। उसे कोई हरा नहीं सकता है। लेकिन साथ ही उन्होंने पार्टी के कार्यकर्ताओं को अति आत्मविश्वास का शिकार नहीं होने के लिए भी कहा। उन्होंने भाजपा के स्थापना दिवस के कार्यक्रम में देश भर के पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा को उसी तरह से चुनाव लड़ना है, जैसे वह पहले लड़ती रही है। प्रधानमंत्री ने गुरुवार को हनुमान जयंती का जिक्र करते हुए यह भी कहा कि भाजपा हनुमान जी तरह सबकी मदद करने के लिए काम करती है।

भाजपा के 44वें स्थापना दिवस समारोह में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा- हमें अति आत्मविश्वास का शिकार नहीं होना है। लोग अभी से कह रहे हैं कि 2024 में भाजपा को कोई नहीं हरा सकता। यह बात सही है, लेकिन भाजपा कार्यकर्ता के नाते हर नागरिक का दिल जीतना होगा। हर  चुनाव उसी परिश्रम से लड़ना है, जैसा 80 के दशक से लड़ते आए हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को पार्टी कार्यालया में कार्यकर्ताओं को 45 मिनट तक संबोधित किया। गौरतलब है कि गुरुवार को हनुमान जयंती थी तो उनके कामों का उदाहरण देकर भाजपा की कार्यशैली का जिक्र किया।

उन्होंने कहा- भाजपा हनुमानजी के कैन डू एटीट्यूड की तरह काम करती है और सबकी मदद करने की कोशिश भी करती है। प्रधानमंत्री ने जनसंघ और आज की भाजपा की बात की। कहा- कार्यकर्ता अति आत्मविश्वास में ना रहें। लोगों से जुड़ें। कांग्रेस और दूसरे विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा- ये दल भाजपा के काम को पचा नहीं पा रहे हैं। ये हताश लोग कह रहे हैं कि मोदी तेरी कब्र खुदेगी। उन्होंने कहा- जब हमारा मजाक उड़ाकर सफल नहीं हुए तो बादशाही मानसिकता वाले लोगों की नफरत और बढ़ गई।

अपनी सरकार के कामकाज का जिक्र करते हुए उन्होंने विपक्षी पार्टियों पर निशाना साधा। प्रधानमंत्री ने कहा- दशकों से हिंसा झेल रहे कश्मीर और नॉर्थ ईस्ट में शांति का सूरज उगेगा, ये उन्होंने सोचा नहीं था। आर्टिकल 370 इतिहास हो जाएगा, ये उन्होंने कल्पना नहीं की थी। जो काम दशकों तक नहीं हुए, वो भाजपा कैसे कर रही है, वो इन्हें पच नहीं रहा है। उन्होंने आगे कहा- नफरत से भरे ये लोग झूठ बोले जा रहे हैं। अपने भ्रष्ट कर्मों का खुलासा होते देख ये बेचैन हैं और हताशा से भर गए हैं। इतने निराश हैं कि एक ही रास्ता दिख रहा है। खुलकर कह रहे हैं कि मोदी तेरी कब्र खुदेगी। वो कब्र खोदने की धमकी दे रहे हैं। प्रधानमंत्री ने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं से कहा कि भाजपा को 21वीं सदी की भविष्य की पार्टी बनाना है।

Exit mobile version