ताजा पोस्ट

महाना बने यूपी विधानसभा स्पीकर

ByNI Desk,
Share
महाना बने यूपी विधानसभा स्पीकर
लखनऊ। भाजपा के वरिष्ठ नेता और आठ बार विधायक का चुनाव जीते सतीश महाना उत्तर प्रदेश विधानसभा के स्पीकर चुने गए हैं। मुख्य विपक्षी समाजवादी पार्टी ने उनके खिलाफ उम्मीदवार नहीं उतारने का फैसला किया, जिसके बाद सतीश महाना निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किए गए। विधानसभा में कार्यवाहक अध्यक्ष रमापति शास्‍त्री ने मंगलवार को सतीश महाना के निर्विरोध चुने जाने की घोषणा की। रमापति शास्त्री ने मंगलवार को सदन को बताया- विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए सिर्फ सतीश महाना का नामांकन पत्र पात्र हुआ और उसके वैध होने पर उनके निर्वाचन की घोषणा करता हूं। इससे पहले राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने विधानसभा अध्यक्ष के चुनाव के लिए 29 मार्च की तारीख तय की थी। 28 मार्च, सोमवार दो बजे तक विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए नामांकन की प्रक्रिया पूरी होनी थी और अकेले सतीश महाना ने ही पर्चा भरा था। सदन के नेता और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अध्यक्ष पद के लिए महाना के नाम का प्रस्ताव रखा था, जिसका सुरेश खन्‍ना ने समर्थन किया था। इसके अलावा नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव ने भी महाना के नाम का प्रस्ताव किया और सपा के ही अवधेश प्रसाद ने समर्थन किया था। जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के रघुराज प्रताप सिंह और कांग्रेस की आराधना मिश्रा ने भी महाना के नाम का प्रस्ताव और अपना समर्थन दिया। महाना कानपुर जिले की दो अलग अलग सीटों से आठ बार विधायक का चुनाव जीते हैं। वे 1991 में पहली बार विधानसभा के सदस्य चुने गए और इसके बाद वे लगातार चुनाव जीतते  रहे। वे बसपा-भाजपा गठबंधन की मायावती के नेतृत्व की सरकार में नगर विकास राज्‍य मंत्री के अलावा कल्‍याण सिंह, राम प्रकाश गुप्ता और राजनाथ सिंह के नेतृत्व की सरकारों में भी मंत्री रह चुके हैं। योगी आदित्यनाथ की पिछली सरकार में वे औद्योगिक विकास मंत्री थे।
Published

और पढ़ें