ताजा पोस्ट

ममता ने विपक्षी नेताओं को लिखी चिट्ठी

ByNI Desk,
Share
ममता ने विपक्षी नेताओं को लिखी चिट्ठी
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी ने सभी विपक्षी नेताओं को चिट्ठी लिखी है। इससे एक दिन पहले जीएसटी मुआवजे के मसले पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने देश के 17 गैर भाजपा दलों के मुख्यमंत्रियों को चिट्ठी लिखी थी। बहरहाल, ममता बनर्जी ने गैर भाजपा दलों के मुख्यमंत्रियों और विपक्ष के सभी नेताओं को चिट्‌ठी लिखी है और भाजपा के खिलाफ लड़ाई में साथ आने को कहा है। ममता ने भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ लड़ाई पर चर्चा के लिए एक बैठक करने की अपील की है। उन्होंने चिट्‌ठी में लिखा कि अत्याचारी केंद्र के खिलाफ लड़ाई में सभी प्रगतिशील ताकतों का साथ आना समय की जरूरत है। गौरतलब है कि राज्य के बीरभूम इलाके में हुई हिंसा और नौ लोगों को जिंदा जला कर मारे जाने की घटना के बाद ममता चौतरफा निशाने पर हैं। हाई कोर्ट के आदेश पर सीबीआई इस मामले की जांच कर रही है। इस विवाद के बीच ममता ने विपक्षी नेताओं से अपील करते हुए कहा है- संयुक्त विपक्ष के उद्देश्य के लिए साथ आएं, जिससे देश को जैसी सरकार चाहिए उसके लिए रास्ता बन सके। ममता ने चिट्ठी में लिखा है- केंद्र की मोदी सरकार ईडी, सीबीआई और आय कर विभाग जैसी केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। भाजपा इसका इस्तेमाल कर राजनीतिक बदला ले रही है। हमें भाजपा के इस कदम का विरोध करना चाहिए। ममता ने कहा है कि ये सभी केंद्रीय एजेंसियां भाजपा शासित राज्यों में कुछ नहीं करती। लेकिन चुनाव आने के साथ ही इन्हें विपक्ष के खिलाफ काम पर लगा दिया जाता है।
Published

और पढ़ें