
नई दिल्ली। Monsoon 2021: दक्षिणी राज्यों को भिगोने के बाद दक्षिणी-पश्चिम मानसून महाराष्ट्र और पूर्वोतर राज्यों में पहुंच चुका है। देश में जैसे-जैसे मानसून आगे बढ़ रहा है, वैसे-वैसे राज्यों में भी बारिश की गतिविधियां चालू होने लगी है। मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वी भारत और इससे सटे मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों में 10 जून से बारिश होने की संभावना है।
भारती मौसम विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, 11 जून के आस-पास कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना के कारण दक्षिण-पश्चिम मानसून के ओडिशा, पश्चिम बंगाल और झारखंड के अधिकांश हिस्सों और बिहार के कुछ हिस्सों में और आगे बढ़ेगा। जिसके चलते 8 जून से 11 जून के दौरान ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भारी से बहुत भारी वर्षा (Heavy Rain Alert) होने के आसार है। वहीं मौसम विभाग ने आशंका जताई है कि आने वाले दिनों में 8 से 10 जून के दौरान उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में धूल भरी तेज हवाएं चल सकती है।
मुंबई में भारी बारिश की चेतावनी
इसी के साथ मौसम विभाग ने मुंबई समेत राज्य के अन्य तटीय क्षेत्रों में भारी बारिश (Heavy Rain) का पूर्वानुमान जताया है। जिसको देखते हुए मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने राज्य प्रशासन को मुस्तैद रहने का आदेश दे दिया। मुंबई के क्षेत्रीय मौसम केंद्र ने भी क्षेत्र में अगले पांच दिन में मौसम बिगड़ने की चेतावनी दी है।
ये भी पढ़ें:- Corona: साढ़े तीन लाख से ज्यादा मौतें, ब्राजील और भारत के बीच तेजी से अंतर कम हो रहा
यहां गर्मी दिखा रही तेवर
वहीं, दूसरी ओर राजस्थान के कई जिलों में चल रहा बारिश का दौर थम गया है जिससे एक बार फिर गर्मी ने अपने तेवर दिखा दिए हैं। मौसम विभाग के कहा है कि, अगले दो से तीन दिन में तेज गर्मी के साथ उमस और बढ़ेगी। साथ ही आज राजस्थान में कहीं कहीं मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है।
राजधानी जयपुर का दिन का तापमान 40.0 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के 17 जिलों में दिन का तापमान 40 से 44 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है।