
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली सहित पूरे उत्तर भारत में चल रही लू और भीषण गर्मी के बीच अच्छी खबर है कि मॉनसून समय से पहले बंगाल की खाड़ी में पहुंच गया है और तेजी से आगे बढ़ रहा है। मॉनसून के बंगाल की खाड़ी में पहुंचने का असर अंडमान निकोबार और पश्चिम बंगाल में देखने को मिला है। मौसम विभाग ने जल्दी ही मॉनसून के केरल पहुंचने की उम्मीद जताई है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि इस हफ्ते उत्तराखंड, मेघालय, असम और केरल में बारिश हो सकती है।
इससे पहले सोमवार को राजधानी दिल्ली में सोमवार को रविवार के मुकाबले तापमान थोड़ा कम हुआ लेकिन लोगों को ज्यादा राहत नहीं मिली। रविवार को दिल्ली के कई इलाकों का तापमान 49.2 रिकॉर्ड दर्ज हुआ था। देश के किसी भी शहर के मुकाबले, इस साल यह सबसे ज्यादा तापमान था। मौसम विभाग ने सोमवार को दिल्ली और एनसीआर के क्षेत्र में आंधी चलने और बारिश होने का अनुमान जताया था। दिन में बादल तो छाए रहे लेकिन बारिश नहीं हुई।
दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश, राजस्थान आदि राज्यों में भी भीषण गर्मी पड़ रही है। रविवार को उत्तर प्रदेश के बांदा में भी तापमान 49 डिग्री से ज्यादा हो गया था। राजस्थान में भीषण लू का कहर जारी है। झुलसाने वाली गर्मी से राहत के लिए जोधपुर में सड़कों पर पानी छिड़कना पड़ा। बीकानेर में पेड़ों में आग लगने की खबर है। चूरू में अधिकतम, जबकि जयपुर में न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। पंजाब के अमृतसर, जालंधर और लुधियाना में गर्मी ने पिछले आठ साल का रिकार्ड तोड़ दिया है। लुधियाना में तापमान 45.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से आठ डिग्री तक अधिक था।