गुरुग्राम/सैफई। जाने माने समाजवादी नेता, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव का निधन हो गया है। वे 82 साल के थे और पिछले कुछ दिनों से बीमार थे। दिल्ली से सटे गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था, जहां सोमवार की सुबह साढ़े आठ बजे के करीब उन्होंने अंतिम सांस ली। निधन के समय उनका पूरा परिवार उनके साथ था। पिछले कई दिनों से उनकी हालत नाजुक थी और कई बड़े नेता उनको देखने अस्पताल पहुंचे थे।
सोमवार को दोपहर में उनका पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव सैफई पहुंचा। मंगलवार को सैफई में ही उनका अंतिम संस्कार होगा। उनके बेटे और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ट्विटर पर खुद इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने सोमवार को लिखा- मेरे आदरणीय पिता जी और सबके नेता जी नहीं रहे। उनके पार्थिव शरीर को सैफ़ई ले जाया जाएगा और कल दोपहर तीन बजे वहां पर अंतिम संस्कार होगा। समाजवादी पार्टी की ओर से भी ट्विट कर इसकी जानकारी दी गई।
इससे पहले 22 अगस्त को तबियत खराब होने के बाद मुलायम सिंह यादव को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें चेस्ट इंफेक्शन, यूरिन इंफेक्शन और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत थी। स्थिति बिगड़ने पर दो अक्टूबर की रात को उनको आईसीयू में भर्ती किया गया था। मेदांता के एक डॉक्टरों का पैनल मुलायम सिंह यादव का इलाज कर रहा था। लेकिन परिवार के सदस्यों ने पहले ही इस बात के संकेत दे दिए थे कि स्थिति नाजुक है और सिर्फ दुआओं का सहारा है।
मुलायम सिंह के निधन से उत्तर प्रदेश और बिहार सहित पूरे देश में शोक की लहर है। मुलायम पहली बार 1967 में विधायक बने थे और 1989 में पहली बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने थे। बहुजन समाज पार्टी के साथ तालमेल करके वे 1993 में दूसरी बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने और 2003 में तीसरी बार मुख्यमंत्री बने। नेताजी के नाम से मशहूर मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने जनता दल में विभाजन के बाद अलग समाजवादी पार्टी की स्थापना की थी।
वे आठ बार विधायक बने और सात बार सांसद रहे। फिलहाल वे लोकसभा में मैनपुरी निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। वे तीन बार मुख्यमंत्री और केंद्र में रक्षा मंत्री रहे। कुछ ही दिन पहले मुलायम सिंह की पत्नी साधना गुप्ता का जुलाई में निधन हो गया था। साधना गुप्ता मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी थीं। उनकी पहली पत्नी मालती देवी का 2003 में निधन हो गया था। मालती देवी अखिलेश यादव की मां थीं।