नयी दिल्ली। उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू , प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने गुरुवार को देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ राजेंद्र प्रसाद की 136वीं जयंती पर उन्हें नमन किया।
नायडू ने यहां जारी एक संदेश में कहा, “ देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ राजेन्द्र प्रसाद जी की जन्म जयंती के अवसर पर उनकी पुण्य स्मृति को सादर नमन करता हूं। संविधान सभा के अध्यक्ष के रूप में तथा राष्ट्रपति के रूप में उन्होंने जिन संवैधानिक मर्यादाओं को स्थापित किया, उनका पालन करना भारत के हर नागरिक का कर्तव्य है।
मोदी ने डा. प्रसाद को स्मरण करते हुए ट्वीट किया, “पूर्व राष्ट्रपति भारत रत्न डॉ. राजेन्द्र प्रसाद की जयंती पर उन्हें मेरी सादर श्रद्धांजलि। स्वतंत्रता संग्राम और संविधान निर्माण में उन्होंने अतुलनीय भूमिका निभाई। सादा जीवन और उच्च विचार के सिद्धांत पर आधारित उनका जीवन देशवासियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।
जावड़ेकर ने ट्वीट कर कहा, देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद जी की जयंती पर नमन । देश की आजादी में उनका योगदान महत्वपूर्ण है। डॉ. प्रसाद देश के प्रथम राष्ट्रपति एवं महान भारतीय स्वतंत्रता सेनानी थे। भारतीय स्वाधीनता आंदोलन के प्रमुख नेताओं में एक डा. प्रसाद ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष के रूप में प्रमुख भूमिका निभाई। उन्होंने भारतीय संविधान के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया था। उनका जन्म की 03 दिसंबर 1884 जीरादेई में हुआ था।