ताजा पोस्ट

नेताजी की डिजिटल मूर्ति का अनावरण

ByNI Desk,
Share
नेताजी की डिजिटल मूर्ति का अनावरण
नई दिल्ली। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती के मौके पर रविवार को इंडिया गेट पर उनकी एक डिजिटल प्रतिमा का अनावरण किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस होलोग्राम मूर्ति का अनावरण किया। उन्होंने कहा कि ग्रेनाइट की मूर्ति बन रही है और बन जाने के बाद उसे इस होलोग्राम मूर्ति की जगह स्थापित किया जाएगा। पिछले दिनों इंडिया गेट पर 50 साल से जल रही अमर जवान ज्योति को बुझाने के बाद केंद्र ने नेताजी की मूर्ति लगाने का ऐलान किया था। नेताजी की डिजिटल मूर्ति का अनावरण करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण में कहा कि देश के स्वाधीनता संग्राम में नेताजी का योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने पहले की सरकारों पर हमला करते हुए कहा कि आजादी के संघर्ष में अहम योगदान देने वाले नायकों के योगदान को भुलाने का प्रयास किया गया था और अब देश इन नायकों को याद कर रहा है।  प्रधानमंत्री मोदी ने इस मौके पर सुभाष चंद्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार भी बांटे। एक साथ 2019 से 2022 तक यानी चार साल के लिए बांटे गए। इस समारोह के दौरान कुल सात सम्मान बांटे गए। यह पुरस्कार आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में संगठनों और व्यक्तियों की निःस्वार्थ सेवा के लिए दिया गया है। केंद्र सरकार ने इस साल गणतंत्र दिवस समारोह को 23 जनवरी से शुरू करने का भी फैसला किया है। सो, नेताजी की मूर्ति के अनावरण के साथ ही औपचारिक रूप से गणतंत्र दिवस समारोह की शुरुआत हो गई। इसका समापन 29 जनवरी को बीटिंग रिट्रीट समारोह के साथ होता है। होलोग्राम प्रतिमा रोशनी के जरिए आभासी तरीके से दिखाई जाती है। केंद्र सरकार नेताजी की 28 फुट ऊंची प्रतिमा बनवा रही है, जिसे बाद में यहां स्थापित किया जाएगा। होलोग्राम प्रतिमा का अनावरण करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा- यह प्रतिमा सुभाष चंद्र बोस के देश के लिए योगदान के लिए एक श्रद्धांजलि है, जिन्होंने कहा था कि हमें आजादी भीख में नहीं चाहिए और इसके लिए उन्होंने स्वाधीनता संघर्ष छेड़ा। 
Published

और पढ़ें