nayaindia New governors in 12 states 12 राज्यों में नए राज्यपाल
ताजा पोस्ट

12 राज्यों में नए राज्यपाल

ByNI Desk,
Share

नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में चल रहे चुनावों के बीच राष्ट्रपति ने 12 राज्यों में नए राज्यपाल नियुक्त किए हैं। इसके अलावा एक केंद्र शासित प्रदेश में नया उप राज्यपाल नियुक्त किया गया है। इससे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी और लद्दाख के उप राज्यपाल राधाकिशोर माथुर का इस्तीफा स्वीकार कर लिया। छत्रपति शिवाजी महाराज पर विवादित बयान देकर आलोचना से घिरे राज्यपाल कोश्यारी के इस्तीफे के बाद उनकी जगह झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस को महाराष्ट्र का नया राज्यपाल बनाया गया है। लद्दाख में माथुर की जगह अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल रिटायर ब्रिगेडियर बीडी मिश्रा को नया उप राज्यपाल बनाया गया है।

इसी साल जनवरी में सुप्रीम कोर्ट से रिटायर हुए जस्टिस एस अब्दुल नजीर को आंध्र प्रदेश का राज्यपाल बनाया गया है। रिटायर होने के 40 दिन बाद राज्यपाल बनाए गए जस्टिस नजीर राम मंदिर, तीन तलाक जैसे मामलों में फैसला दे चुकी बेंच में शामिल थे, जबकि नोटबंदी पर फैसला देने वाली बेंच के प्रमुख थे। वे इसी साल चार जनवरी को रिटायर हुए थे। राजस्थान में भाजपा विधायक दल के नेता और सदन में नेता विपक्ष गुलाब चंद कटारिया को असम का राज्यपाल बनाया गया है। वे भाजपा के दिग्गज नेता रहे जगदीश मुखी की जगह लेंगे।

रमेश बैस छत्तीसगढ़ भाजपा के बड़े नेता हैं और वे सात बार सांसद रहे हैं। उनको झारखंड से हटा कर महाराष्ट्र का राज्यपाल बनाया गया है। बैस और राज्य की हेमंत सोरेन सरकार के बीच पिछले कई महीनों से खींचतान चल रही है और राज्यपाल ने पिछले दिनों झारखंड सरकार का वित्त विधेयक लौटा दिया था। बैस की जगह तमिलनाडु प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष रहे सीपी राधाकृष्णन को झारखंड का राज्यपाल बनाया गया है।

चुनावी राज्य छत्तीसगढ़ की राज्यपाल अनुसूइया उइके को हटा कर मणिपुर का राज्यपाल बनाया गया है। उनकी जगह बिस्वा भूषण हरिचंदन को नया राज्यपाल बनाया गया है। हरिचंदन आंध्र प्रदेश के राज्यपाल हैं, जहां जस्टिस एस अब्दुल नजीर को नया राज्यपाल बनाया गया है। ला गणेशन को नगालैंड का राज्यपाल बनाया गया है। वे अभी मणिपुर के गवर्नर हैं। गणेशन 18 जुलाई 2022 से 17 नवंबर 2022 तक पश्चिम बंगाल के राज्यपाल भी रहे। बिहार के 40वें राज्यपाल फागू चौहान को भी बदल दिया गया है। उनकी जगह हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अरलेकर को नया राज्यपाल बनाया गया है। हिमाचल प्रदेश में उत्तर प्रदेश के भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री शिव प्रताप शुक्ल को राज्यपाल बनाया गया है। रिटायर लेफ्टिनेंट जनरल कैवल्य त्रिविक्रम परनाइक को अरुणाचल प्रदेश का राज्यपाल बनाया गया है, जबकि लक्ष्मण प्रसाद आचार्य सिक्कम के नए राज्यपाल बनाए गए हैं।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

Naya India स्क्रॉल करें