नई दिल्ली। पेट्रोल और डीजल के दाम में शनिवार को एक बार फिर बढ़ोतरी हुई। अप्रैल के महीने में यह पहली बढ़ोतरी हुई। पहली अप्रैल को दोनों ईंधनों के दाम नहीं बढ़े थे लेकिन पीएनजी और कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में भारी इजाफा हुआ था। बहरहाल, पिछले 12 दिन में शनिवार को 10वीं बार बढ़ोतरी हुई, जिसके बाद दोनों ईंधनों की कीमत 7.20 रुपए प्रति लीटर बढ़ गई। सरकारी तेल मार्केटिंग कंपनियों ने शनिवार को दोनों ईंधनों की कीमत में 80-80 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की।
शनिवार को हुई बढ़ोतरी के बाद राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक लीटर की पेट्रोल की कीमत 102 रुपए और मुंबई में 117 रुपए के ऊपर चली गई। दिल्ली में शनिवार को पेट्रोल का दाम 102.61 रुपए और डीजल का दाम 93.87 रुपए प्रति लीटर रहा। मुंबई में एक लीटर पेट्रोल 117.57 रुपए और डीजल 101.79 रुपए लीटर पहुंच गया। माना जा रहा है कि दोनों ईंधनों की कीमत अभी और बढ़ेगी। ध्यान रहे पांच राज्यों के चुनाव की वजह से 137 दिन तक कीमतें स्थिर रहीं थीं और नतीजे आने के 12 दिन बाद 22 मार्च से उनमें बढ़ोतरी शुरू हुई है।
बहरहाल, पिछले दिनों अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत 140 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई थी। लेकिन अब इसमें गिरावट आ रही है। शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दामों में एक हफ्ते में पिछले दो साल की सबसे बड़ी गिरावट देखी गई। कच्चे तेल की कीमत गिर कर 104 डॉलर प्रति बैरल पर गई है। हालांकि, रूस-यूक्रेन जंग के चलते तेल की कीमतें ऊंची बनी रहने वाली हैं।