नई दिल्ली। गुजरात विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली ऐतिहासिक जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नई दिल्ली स्थित भाजपा के मुख्यालय पहुंचे और वहां उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि अगले 25 साल अब सिर्फ विकास की राजनीति होगी। चुनाव के नतीजों को लेकर पीएम मोदी ने जनता का शुक्रिया अदा करते हुए कहा- मैं जनता जनार्दन के सामने नतमस्तक हूं। उन्होंने आगे कहा- बीजेपी बड़े से बड़े और कड़े से कड़े फैसले लेने का दम रखती है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा- गुजरात में नरेंद्र-भूपेंद्र ने रिकॉर्ड तोड़ने का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है। भाजपा को मिला जन समर्थन नए भारत की आकांक्षाओं का प्रतिबिंब है। भाजपा को मिला जन समर्थन भारत के युवाओं की युवा सोच का प्रकटीकरण है। उन्होंने कहा- भाजपा को मिला जन समर्थन गरीब, शोषित, वंचित, आदिवासियों के सशक्तिकरण के लिए मिला समर्थन है। मोदी ने कहा- ये जनादेश अभिभूत करने वाला है। उन्होंने कहा कि वे गुजरात की जन शक्ति के आगे सिर झुकाते हैं।
उन्होंने कहा- जहां भारतीय जनता पार्टी प्रत्यक्ष नहीं जीती, वहां भाजपा का वोट शेयर आपके स्नेह का साक्षी है। मैं गुजरात हिमाचल और दिल्ली की जनता का आभार जताता हूं। आपका प्यार उप चुनावों में भी दिखा। यूपी के रामपुर में भाजपा जीती है। बिहार के चुनावों में भाजपा का प्रदर्शन आने वाले दिनों का प्रदर्शन कर रहा है। उन्होंने चुनाव आयोग का भी आभार व्यक्त किया।
इससे पहले पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अपने संबोधन में गुजरात, हिमाचल और दिल्ली चुनाव में काम करने वाले कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा- मोदी के नेतृत्व में हमें गुजरात में रिकॉर्ड जीत मिली है। यह विकासवाद की जीत है। गरीब के घर दो वक्त की रोटी की व्यवस्था, बिजली, शौचालय, सिलेंडर की व्यवस्था करने की नीति ने हमें जीत दिलाई। उन्होंने केजरीवाल का नाम लिए बिना आप पर हमला बोला। नड्डा ने कहा कि एक नई पार्टी गुजरात का अपमान करने आई। वह एक पर्चा लेकर आए और भविष्यवाणी करने लगे कि उनकी पार्टी की सरकार बनेगी। जनता को गुमराह करने वाले लापरवाह नेताओं को गुजरात की जनता से माफी मांगनी चाहिए।