Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

मोदी ने सीबीआई के काम को सराहा

NEW DELHI, APR 3 (UNI):- Prime Minister Narendra Modi addresses the inauguration of diamond jubilee celebrations of Central Bureau of Investigation (CBI), in New Delhi on Monday UNI PHOTO PSB22U

नई दिल्ली। केंद्रीय जांच एजेंसी, सीबीआई की स्थापना के 60 साल पूरे होने के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को एजेंसी के कामकाज की जम कर तारीफ की। सीबीआई की स्थापना के डायमंड जुबली कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने एजेंसी के छह दशक के सफर और आगे आने वाली चुनौतियों को लेकर बात की। उन्होंने सीबीआई के लिए कहा- आपको कहीं पर भी रुकने की जरूरत नहीं है। मैं जानता हूं आप जिनके खिलाफ एक्शन ले रहे हैं वे बेहद ताकतवर लोग हैं, बरसों तक वे सरकार और सिस्टम का हिस्सा रहे हैं। आज भी वे कई जगह किसी राज्य में सत्ता का हिस्सा हैं, लेकिन आपको अपने काम पर फोकस रखना है कोई भी भ्रष्टाचारी बचना नहीं चाहिए।

प्रधानमंत्री ने इस मौके पर डाक टिकट और डायमंड जुबली मार्क वाला सिक्का लॉन्च किया। इसके साथ ही शिलांग, पुणे और नागपुर में सीबीआई के ब्रांच ऑफिस की नई बिल्डिंग का उद्घाटन भी किया। प्रधानमंत्री ने कहा- देश की प्रीमियम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी के रूप में सीबीआई ने 60 वर्ष का सफर पूरा किया है। इन छह दशकों में सीबीआई ने बहुआयामी और बहुअनुशासनात्मक जांच एजेंसी के तौर पर अपनी पहचान बनाई है।

मोदी ने आगे कहा- आज सीबीआई का दायरा बहुत बड़ा हो चुका है। महानगर से लेकर जंगल तक सीबीआई को दौड़ना पड़ रहा है। उन्होंने  कहा- सीबीआई ने अपने काम से लोगों के मन में विश्वास जगाया है। लोग आंदोलन करते हैं कि केस बाकी एजेंसियों से लेकर सीबीआई को दे दो। यहां तक कि पंचायत स्तर पर भी कोई मामला आता है तो लोग कहते हैं कि इसे सीबीआ को दे देना चाहिए। न्याय के, इंसाफ के एक ब्रांड के रूप में सीबीआई का नाम हर जुबान पर है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मुख्य रूप से सीबीआई की जिम्मेदारी भ्रष्टाचार से देश को मुक्त करने की है। उन्होंने कहा- भ्रष्टाचार कोई सामान्य अपराध नहीं होता। भ्रष्टाचार, गरीब से उसका हक छीनता है, अनेक अपराधों को जन्म देता है। भ्रष्टाचार, लोकतंत्र और न्याय के रास्ते में सबसे बड़ा रोड़ा होता है। जहां भ्रष्टाचार होता है, वहां युवाओं को उचित अवसर नहीं मिलते।

Exit mobile version