सहारनपुर। देश में सभ्य समाज को झकझोर देने वाले निर्भया कांड के कातिलों को फांसी देने वाले जल्लाद की पुत्री अपने पिता पर गर्व कर रही है और बड़ी बेसब्री से दरिंदो का फांसी का इंतजार कर रही है।
मेरठ निवासी पवन जल्लाद 22 जनवरी को दिल्ली की तिहाड़ जेल में निर्भया के साथ हैवानियत करने वाले मुकेश,पवन,विनय और अक्षय को फांसी पर लटकायेगा। सहारनपुर के जनकपुरी की इंदिरा गांधी कालोनी निवासी पवन की 40 वर्षीय पुत्री प्रीति को अपने पिता पर बेहद गर्व है।
प्रीति ने कहा कि इन हैवानों को फांसी पर लटकाएं जाने से दुष्कर्म पीडितों को सुकून और हौंसला मिलेगा। उसने कहा कि दो दिन पहले की उसने अपने पिता से बातचीत कर तैयारियों के बारे में जानकारी ली थी। प्रीति ने कहा कि उसके पिता अपने दिए हुए कर्तव्य का पालन बखूबी करेगे।