Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

प्रियंका आज बेंगलुरू में रैली करेंगी

बेंगलुरू। हिमाचल प्रदेश के बाद अब कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा कर्नाटक के चुनाव प्रचार में उतरने वाली हैं। सोमवार को प्रियंका बेंगलुरू में एक रैली को संबोधित करेंगी। बताया जा रहा है कि वे विधानसभा चुनाव को लेकर एक बड़ी घोषणा कर सकती हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक प्रियंका एक बड़ा महिला केंद्रित वादा करेंगी। यह भी बताया जा रहा है कि रैली में महिलाओं बड़ी भागीदारी होगी।

गौरतलब है कि राहुल गांधी के नेतृत्व में हो रही भारत जोड़ो यात्रा के संदेश को आगे बढ़ाने के लिए कांग्रेस दो महीने का ‘हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा’ शुरू करने वाली है। उससे पहले बेंगलुरू में रैली करके प्रियंका चुनाव पर असर डालने वाली बड़ी घोषणा कर सकती हैं। कांग्रेस की रैली बेंगलुरू के पैलेस मैदान में आयोजित की जाएगी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे सहित पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और प्रदेश अध्यक्ष डीके शिवकुमार और तमाम बड़े नेता शामिल होंगे। इसमें करीब 15 हजार महिला कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौजूद रहेंगी।

सूत्रों के मुताबिक पार्टी की तरफ से महिला मतदाताओं को साधने के लिए एक अलग घोषणापत्र भी जारी किया जाएगा। उनमें से कुछ घोषणाएं इस कार्यक्रम में होने की संभावना है। गौरतलब है कि कर्नाटक में कांग्रेस पार्टी ने सत्‍ता में आने पर दो सौ यूनिट तक मुफ्त बिजली देने का वादा किया है। कांग्रेस, इस चुनाव में पांच बड़े वादे करने की योजना बना रही है, उनमें पहला वादा मुफ्त बिजली का है।

Exit mobile version