बेंगलुरू। भारत जोड़ो यात्रा का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को कर्नाटक की भाजपा सरकार पर जम कर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कर्नाटक की भाजपा सरकार सरकारी नौकरियों की नीलामी कर रही है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा कि पुलिस सब इंस्पेक्टर का पद 80 लाख में बेचा। उन्होंने आगे लिखा कि असिस्टेंट प्रोफेसर और इंजीनियर का पद भी सेल पर है। राहुल गांधी ने यह भी कहा कि भाजपा का डबल इंजन कमीशन के साथ साथ युवाओं का भविष्य भी खा रहा है।
गौरतलब है कि भारत जोड़ो यात्रा इस समय कर्नाटक से गुजर रही है। कांग्रेस महासचिव और संचार विभाग के प्रमुख जयराम रमेश ने बुधवार को बताया कि राहुल गांधी के साथ यात्रा कर रहे 33 भारत यात्रियों ने जाने माने फिल्मी सितारे पुनीत राजकुमार से प्रेरित होकर मैसुरू के जेएसएस अस्पताल को अपनी आंखें दान करने का संकल्प किया। उन्हें अस्पताल की ओर से सर्टिफिकेट भी दिया गया। इससे पहले राहुल गांधी ने 35वें दिन की यात्रा ऐतिहासिक चित्रदुर्ग जिले के चल्लाकेरे से शुरू की थी। उन्होंने दोपहर में राज्य के अलग अलग हिस्सों से आए बेरोजगार युवाओं से बातचीत भी की।
भारत जोड़ो यात्रा के बीच संचार विभाग के प्रमुख जयराम रमेश ने यह भी कहा है कि इस यात्रा का मकसद राजनीतिक नहीं है फिर भी कांग्रेस को 2024 के चुनाव में इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि यात्रा का मकसद फोकस लोगों तक पहुंचना है, लेकिन यह यात्रा 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस को मजबूत करेगी। रमेश ने कहा कि आर्थिक असमानता, बेरोजगारी, गरीबी और महंगाई के मुद्दे पर कांग्रेस अपना अभियान जारी रखेगी। यह भी कहा जा रहा है कि इसी हफ्ते कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हो सकती हैं।