फरीदाबाद। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा रोकने से इनकार कर दिया है। हरियाणा के नूह में उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार उनकी यात्रा रूकवाना चाहती है और इसके लिए कोरोना का इस्तेमाल किया जा रहा है। हालांकि कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने साफ कर दिया कि भारत जोड़ो यात्रा में चल रहे सभी यात्रियों को वैक्सीन की दोनों डोज लग चुकी है। कांग्रेस ने सभी यात्रियों को मास्क पहनने के लिए भी कह दिया है। लेकिन कोरोना के नाम पर पार्टी यात्रा नहीं रोकेगी।
यात्रा नहीं रोकने का दो टूक ऐलान करते हुए राहुल ने गुरुवार को कहा- केंद्र सरकार ने अब नया फॉर्मूला निकाला है। मुझे चिट्ठी लिखी है कि मास्क लगाओ, कोविड फैल रहा है। ये सब यात्रा रोकने के हथकंडे हैं। हिंदुस्तान की सच्चाई से ये लोग डर गए हैं। हमारी यात्रा कश्मीर तक जाएगी। गौरतलब है कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने 20 दिसंबर को राहुल गांधी को चिट्ठी लिखी थी। उन्होंने राहुल से यात्रा रोकने की अपील की थी। उन्होंने कहा था- देश में एक बार फिर से कोरोना का खतरा बढ़ता जा रहा है, हेल्थ इमरजेंसी के हालात हैं। बचाव के सारे उपाय नहीं हो सकते हैं तो देश की खातिर भारत जोड़ो यात्रा रोक दें।
बहरहाल, राहुल गांधी ने यात्रा जारी रखने का ऐलान करने के साथ ही गुरुवार शाम को देश के सभी विपक्षी दलों के नेताओं को चिट्ठी लिखकर भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने का न्योता भेजा। खबरों के मुताबिक, उन्होंने इन नेताओं से अपील की है कि भारत जोड़ो यात्रा 24 दिसंबर को दिल्ली पहुंचेगी, जहां वे सभी शामिल होने के लिए आमंत्रित हैं। इस बीच जयराम रमेश ने बताया कि भारत जोड़ो यात्रा 24 दिसंबर की शाम दिल्ली पहुंचेगी। उसके बाद नौ दिन का ब्रेक होगा। तीन जनवरी 2023 को यात्रा फिर शुरू होगी।