जयपुर। राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा रविवार शाम को राजस्थान पहुंच गई। मध्य प्रदेश में 12 दिन चलने के बाद यात्रा राजस्थान पहुंची, जहां गाजे बाजे के साथ यात्रा का स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने बाकी नेताओं के साथ यात्रा का स्वागत किया। मध्य प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने अशोक गहलोत को चुनौती दी कि वे यात्र को मध्य प्रदेश जैसा समर्थन नहीं दिला पाएंगे। गहलोत ने उनकी चुनौती स्वीकार की।
इससे पहले मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट सहित सरकार के कई मंत्री और बड़े नेताओं ने मध्य प्रदेश की सीमा पर स्थित चंवली चौराहे पर राहुल गांधी की अगवानी की। राहुल गांधी के स्वागत में एक सभा हुई, जिसमें सहरिया नृत्य के साथ राहुल का स्वागत किया गया। मंच पर हो रहे इस नृत्य को देखकर राहुल गांधी भी अशोक गहलोत, कमलनाथ और सचिन पायलट के साथ डांस करने लगे। इस दौरान सचिन पायलट और अशोक गहलोत ने एक-दूसरे का हाथ पकड़कर साथ में डांस किया।
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा रविवार की रात को राजस्थान में चंवली चौराहे पर ही रुक जाएगी और सोमवार से यात्रा आगे बढ़ेगी। स्वागत सभा में राहुल गांधी ने कहा- हर राज्य, हर शहर, हर गांव ने यात्रा को खूब मदद की। लोगों को एक पैसा नहीं देना पड़ा, लोगों ने लेने से मना कर दिया। हिंदुस्तान की जनता ने यात्रा को खूब प्यार दिया। उन्होंने कहा- भाजपा व आरएसएस के लोगों के दिल से डर निकालना चाहता हूं। मैं उनसे नफरत नहीं करता हूं, लेकिन मैं उन्हें देश में नफरत और डर फैलाने नहीं दूंगा।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा- मध्य प्रदेश को छोड़ कर दुख हो रहा है, लेकिन राजस्थान में आकर खुशी हो रही है। राहुल ने कहा- हवाई जहाज से हिंदुस्तान समझ नहीं आता, फटे हुए हाथ वाले किसान से हाथ मिलाने पर समझ आता है। उन्होंने कहा- हमने यह यात्रा कन्याकुमारी से शुरू की, 23 सौ किलोमीटर से ज्यादा हम और हमारे यात्री चल चुके हैं। लोग हमें कहते थे कि हिंदी बेल्ट में यात्रा फेल होगी। मध्य प्रदेश में अब तक की सबसे भव्य यात्रा निकली है। राहुल ने कहा- मैंने कमलनाथजी को चैलेंज दिया था कि आप महाराष्ट्र को नहीं हरा सकते। कमलनाथजी ने कहा कि मेरे पास स्पेशल टेक्नोलॉजी है, उन्होंने महाराष्ट्र को हरा दिया। अब उन्होंने राजस्थान को चैलेंज दिया है।
इसके बाद अशोक गहलोत ने सभा को संबोधित करते हुए कमलनाथ के चैलेंज को स्वीकार किया और कहा कि यात्रा मध्य प्रदेश से भी भव्य निकलेगी। उन्होंने कहा- देश में पनप रहे डर को खत्म करने के लिए यह यात्रा निकाली जा रही है। बहरहाल, सोमवार सुबह छह बजे से यात्रा की शुरुआत राजस्थान में झालावाड़ के काली तलाई से होगी। यात्रा 10 बजे बालीबोरड़ा चौराहा पहुंचेगी। इसके बाद साढ़े तीन बजे नाहरड़ील और शाम साढ़े छह बजे झालरापाटन के चंद्रभागा चौराहा पहुंचेगी। वहां पर राहुल गांधी नुक्कड़ सभा को संबोधित करेंगे।